ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं का फिर दुनिया पर राज, इंग्लैंड को फाइनल में हराकर 7वीं बार चूमी महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी
Australia Womens T20 World Cup 2026
लंदन: Australia Womens T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है. लॉर्ड्स में खेले गए टूर्नामेंट के 10वें सीजन के खिताबी मुकाबले में उन्होंने मेजबान इंग्लैंड को 7 विकेट से मात दी. 151 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी के 49 गेंद में 64 और फोबी लीचफिल्ड के 35 गेंद में 48 रनों की बदौलत 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर ही आसानी से हासिल कर लिया. इसके अलावा जॉर्जिय वॉल 6 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुई, जबकि अलीसा पेरी 12 गेंद में 13 रन और गार्डेनर 2 गेंद में 3 रन बनाकर नाबाद रहीं.
ये ऑस्ट्रेलिया की सातवीं टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी है. टूर्नामेंट के 10 सीजन में से वो 8 बार फाइनल में पहुंची, जिसमें से केवल एक बार ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जब वेस्टइंडीज ने उन्हें फाइनल में मात दी थी.
इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 58 रन) के अर्धशतक की बदौलत चार विकेट पर 150 रन बनाए. नैट साइवर ब्रंट ने 53 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में पांच चौके लगाए. उन्होंने फ्रेया केंप (नाबाद 44 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई. हालांकि 55 गेंद की इस साझेदारी के दौरान केंप ने आक्रामक बल्लेबाजी की.
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत कराई. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में एमी जोंस (06) का विकेट झटक लिया जिन्हें लुसी हैमिल्टन ने आउट किया.
एनाबेल सदरलैंड ने फिर शानदार लय में चल रही डैनी वाट हॉज (08) के रूप में ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाया. एलिस कैप्से (23 रन, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) अच्छी लय में दिख रही थीं, उन्होंने पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू ने उन्हें बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया.
हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं. इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं, फिर उन्हें फ्रेया केंप का साथ मिला जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाकर टीम को 150 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की.