Speculations on making Rajeev, Indu, Sikander, and Trilok the new BJP president

राजीव, इंदु, सिकंदर, और त्रिलोक में से नया भाजपा अध्यक्ष बनाने की अटकलें

Speculations on making Rajeev, Indu, Sikander, and Trilok the new BJP president

Speculations on making Rajeev, Indu, Sikander, and Trilok the new BJP president

शिमला:भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद सुरेश कश्यप के इस्तीफे की पेशकश से पार्टी की राजनीति गरमा गई है। अब हिमाचल प्रदेश में भाजपा की कमान किसके हाथ रहेगी, इसको लेकर कई कयास लगते रहे। राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजीव भारद्वाज और विधायक त्रिलोक जम्वाल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने की अटकलें तेज हो गई हैं। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के हिसाब से इन नेताओं के नाम प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में आगे बताए जा रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार शिमला नगर निगम चुनाव के बाद भाजपा नेतृत्व नये प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित कर सकता है। हिमाचल में चार उपचुनाव और विधानसभा के आम चुनाव हारने के बाद संगठन में फेरबदल की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। वर्तमान अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल भी पूरा होने जा रहा है।

22 जुलाई 2020 को सुरेश कश्यप को राजीव बिंदल का इस्तीफा देने के बाद प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

सुरेश कश्यप की अगुवाई में भाजपा को सत्ता में होने के बावजूद मंडी संसदीय सीट सहित फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। दिसंबर 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की हार हुई।

ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व ने अब वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले संगठन की मजबूती का फैसला लिया है। उधर, सुरेश कश्यप का इस्तीफा शुक्रवार शाम तक मंजूर नहीं हुआ। कश्यप अभी अस्पताल में ही भर्ती हैं।