Special CSR Initiative Promotes

बादशाहपुर स्कूल में पोषण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष CSR पहल

pp

Special CSR Initiative Promotes

जेनपैक्ट और अन्नामृत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बादशाहपुर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पोषण, शिक्षा और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सीएसआर पहल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसीपी साइबर गौरव फोगाट ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि डिजिटल युग में बच्चों, विशेषकर लड़कियों के लिए ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी बेहद जरूरी है। उन्होंने इस प्रकार की पहलों को बच्चों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अन्नामृत फाउंडेशन के ट्रस्टी धनंजय कृष्ण दास ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए पौष्टिक भोजन और सही पोषण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन हर बच्चे तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है ताकि बच्चे बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वॉलंटियर एंगेजमेंट गतिविधियां, मिड-डे मील इंटरैक्शन सेशन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में पोषण, शिक्षा और समाज सेवा जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

जेनपैक्ट सीएसआर ग्लोबल लीडर रचना चुघ ने कहा कि लड़कियों के लिए पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बहुत जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में जेनपैक्ट की नेतृत्व टीम, स्वयंसेवकों और अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया। यह पहल समाज में पोषण, शिक्षा और सामुदायिक विकास के प्रति सकारात्मक संदेश देने में सफल रही।