विधान सभा में अध्यक्ष सतीश महाना ने दिनेश प्रताप सिंह को दिया दो टूक जवाब

विधान सभा में अध्यक्ष सतीश महाना ने दिनेश प्रताप सिंह को दिया दो टूक जवाब

Galgotias University robot controversy raised

Speaker Satish Mahana gave a blunt reply

  1. दिनेश प्रताप सिंह से महाना बोले अगर काम नहीं करवाना है तो वहां क्यों बैठे हो?

  2. विपक्ष के काम गिनाने के साथ-साथ विधान सभा अध्यक्ष के भी गिनाने लगे थे काम

लखनऊ। विधान सभा में उस वक्त माहौल अचानक बदल गया जब विकास कार्यों का श्रेय लेने की टिप्पणी पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को दो टूक जवाब दे दिया। मंत्री ने अध्यक्ष के क्षेत्र में कराए गए कामों का हवाला दिया तो अध्यक्ष ने नसीहत देते हुए कहा काम करवाना आपकी जिम्मेदारी है, इसे गिनाने की जरूरत नहीं है।

प्रश्नकाल के दौरान सपा की डॉ. रागिनी ने वाराणसी में मंडी समिति के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अब तक कोई कार्रवाई न किए जाने को लेकर प्रश्न पूछे थे। इस पर मंत्री अपने विभाग की उपलब्धियां गिनाने लगे। जब डा. रागिनी ने सीधा जवाब देने के लिए कहा तो बोले डा. रागिनी ज्यादा बोलती हैं और सदन को हाइजैक कर लेती हैं। उन्हें बोलने का अवसर भी मिल जाता है। मुझे भी अध्यक्ष जी आपका संरक्षण चाहिए। मैंने सभी 403 विधान सभा क्षेत्रों में सभी के यहां काम कराए हैं।

मैंने डॉ. रागिनी के क्षेत्र मछलीशहर में भी जितने काम कराएं हैं उसकी सूची उनके मोबाइल पर भेज दी है। उन्होंने अध्यक्ष से यहां तक कह दिया-मैंने आपको फोन करके आपके क्षेत्र से काम मांगे हैं और फिर हमने काम करवाया है। इस पर महाना ने तीखे लहजे में कहा-“अगर आपको काम करवाना नहीं तो आप वहां हो क्यों? काम करवाया तो अच्छी बात है, मेरे को क्यों गिना रहे हो। बाकी दूसरों को गिना दो। काम करवाने के लिए ही तो बैठे हो।”

वहीं, महाना ने पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेन्द्र कश्यप को भी सख्त चेतावनी दी। प्रश्नकाल के दौरान अध्यक्ष के मना करने के बावजूद वह बोलते रहे, इस पर महाना ने कहा-“बैठ जाइए, वरना आपका माइक बंद करवा दूंगा।”