"2047 तक सत्ता से बाहर रहेगी सपा": केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

"2047 तक सत्ता से बाहर रहेगी सपा": केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

"SP Will Remain Out of Power Until 2047"

केशव प्रसाद मौर्य बोले- जिस तरह अखिलेश के कारण तेजस्वी यादव हारे, उसी तरह अब हारेंगी ममता बनर्जी

ब्रजेश पाठक ने कहा-समाजवादी पार्टी का हाल वही है, सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज पर चली

लखनऊ। "SP Will Remain Out of Power Until 2047" उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक इन दिनों समाजवादी पार्टी के साथ उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोल रहे हैं। सोमवार को भी कैबिनेट बैठक के पहले और बाद में दोनों डिप्टी सीएम के निशाने पर समाजवादी पार्टी ही रही।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जीत पर अखिलेश यादव के बयान पर कहा, कि अखिलेश यादव तो बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को भी जिता रहे थे। अब वैसे ही पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को जिता रहे हैं। जिस तरह अखिलेश यादव के प्रचार के कारण बिहार में तेजस्वी यादव हारे थे, अब वैसे ही पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भी चुनाव हारेंगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब है कहीं पर भी महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना। 2027 में समाजवादी पार्टी का संपूर्ण सफाया होगा, इसी कारण से अखिलेश यादव हताश हैं। यह तो तय है कि 2047 तक सत्ता की मलाई उनके भाग्य में नहीं है। 2047 तक समाजवादी पार्टी सत्ता से बाहर ही रहेगी, अब सत्ता का सुख उनके हिस्से में नहीं आएगा।

कैबिनेट की बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी प्रतिबद्धता उत्तर प्रदेश के विकास पर है। हमारी सरकार लगातार काम कर रही है कि हमारा प्रदेश नंबर एक पर आए। आज उत्तर प्रदेश परिवर्तन की तेजी के साथ अपने रास्ते पर चल पड़ा है। आज हमारी प्रति व्यक्ति आय करीब दोगुणा हो चुकी है। हमारी आधारभूत संरचना विश्व स्तरीय बनकर तैयार है और इसी दिशा में आज कैबिनेट ने विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा करके उन्हें पास किया है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हाल वही है कि सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज पर चली। समाजवादी पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि उनके शासन काल में बहू-बेटी की इज्जत-आबरू लूटी जा रही थी। प्रदेश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी के शासन में महिलाएं डरी-सहमी रहती थीं।