सोनीपत के मेयर राजीव जैन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अखिल भारतीय महापौर परिषद हरियाणा इकाई के संयोजक नियुक्त
Sonepat Mayor Rajiv Jain gets a big responsibility
चंडीगढ़। सोनीपत नगर निगम के दूसरी बार निर्वाचित हुए मेयर राजीव जैन को अखिल भारतीय महापौर परिषद की हरियाणा ईकाई के संयोजक पद पर नियुक्त किया गया। इस आशय की नियुक्ति का पत्र परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेणु गुप्ता द्वारा जारी किया गया है।
राजीव जैन मेयर बनने से पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल तथा हाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में मीडिया सलाहकार के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। जैन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी के रूप में संगठन को मज़बूत करने के लिए कार्य कर चुके हैं।
राजीव जैन ने अपना राजनीतिक सफ़र छात्रसंघ के सचिव के रूप में शुरू किया और फिर राष्ट्रीय समाचार पत्रों में पत्रकार के रूप में सम सामयिक सामाजिक विषयो को प्रस्तुत किया। वर्ष 1996 में हरियाणा विकास पार्टी के प्रदेश महासचिव के रूप में हरियाणा विकास पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की सरकार बनाने में अहम कड़ी के रूप में काम किया। पिछले 18 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में हर ज़िम्मेदारी को बखूबी निभा रहे हैं।
जैन की धर्मपत्नी कविता जैन 2009 में विधायक और 2014 में कैबिनेट मंत्री के रूप में महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्थानीय निकाय विभाग, लोक संपर्क एवं सांस्कृतिक विभाग सहित अनेक विभागों को बखूबी संचालन कर चुकी है।