पंजाब की सियासत में 'सिद्धू' धमाका: डॉ. नवजोत कौर की नई पार्टी का ऐलान; 'अफीम की खेती' को वैध बनाना होगा मुख्य चुनावी मुद्दा
'Sidhu' Bombshell in Punjab Politics
चंडीगढ़। 'Sidhu' Bombshell in Punjab Politics, पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सोमवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई राजनीतिक दिशा के संकेत दिए। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी (भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी) पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और चुनावी फोकस किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा, जिसमें सबसे बड़ा कदम अफीम की खेती को वैध करने का प्रस्ताव है।
डॉ. सिद्धू ने कहा कि मौजूदा समय में अफीम का इस्तेमाल दवाओं में बड़े स्तर पर होता है, लेकिन इसकी आपूर्ति अवैध तरीकों से हो रही है। जब यह फसल दवाइयों के लिए जरूरी है, तो हमारे किसान ही इसे क्यों न उगाएं? अभी लोग चोरी-छिपे बाहर से अफीम लाते हैं, हम इसे नियंत्रित और कानूनी ढांचे में लाकर किसानों को फायदा देना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि इस मॉडल पर उनकी टीम विदेशों के किसानों और विशेषज्ञों से भी बातचीत कर रही है। आस्ट्रेलिया, जर्मनी और यूके के किसानों के साथ हमारी चर्चा चल रही है, जो यहां आकर आधुनिक तकनीक और अनुभव साझा करने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही कुछ गैर-सरकारी संगठनों से भी संपर्क किया गया है, जो आर्थिक रूप से कमजोर उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने में मदद करेंगे।
'गेहूं और धान के पारंपरिक चक्र से बाहर निकलना जरूरी'
डॉ. सिद्धू ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी में जिम्मेदारियों का बंटवारा योग्यता के आधार पर होगा। “जो व्यक्ति जिस क्षेत्र में माहिर होगा, उसे वही विभाग दिया जाएगा। मेडिकल एक्सपर्ट को स्वास्थ्य, शिक्षा विशेषज्ञ को एजुकेशन की जिम्मेदारी दी जाएगी। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि गेहूं-धान के पारंपरिक चक्र से बाहर निकलना जरूरी है।
हम किसानों को हेल्दी और अन्य वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करेंगे, ताकि उनकी आमदनी बढ़ सके। चुनावी फंडिंग पर बोलते हुए उन्होंने बड़ी पार्टियों पर निशाना साधा और कहा कि टिकट के लिए पैसे लेने की राजनीति से वह दूर रहेंगी। मैं क्यों पैसे दूंगी ? यह पैसा मैं जनता के काम पर लगाऊंगी।- नवजोत कौर
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के इस ऐलान ने पंजाब की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है, खासकर अफीम की खेती को वैध करने के प्रस्ताव को लेकर, जिसे लेकर आने वाले समय में सियासी और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज होने की संभावना है। इसके साथ ही भी अपनी पार्टी के लिए सदस्यता अभियान भी शुरू करेंगे।