भीलवाड़ा में अस्पताल संचालक ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला

भीलवाड़ा में अस्पताल संचालक ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला

Shocking case of blackmailing of hospital

Shocking case of blackmailing of hospital

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर से ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस घटना ने चिकित्सा जगत और आमजन दोनों को हिला कर रख दिया. शहर के एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल के संचालक को उनके ही स्टाफ द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किए जाने का खुलासा हुआ है. आरोप है कि अस्पताल के चार पुरुष नर्सिंगकर्मियों ने कथित रूप से स्पाई कैमरे के जरिए वीडियो तैयार कर डॉक्टर से 90 लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी. पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें एक कथित वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी. आरोपियों द्वारा न केवल 90 लाख रुपये की मांग की गई, बल्कि पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. मानसिक दबाव और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर आखिरकार डॉक्टर ने पुलिस की शरण ली.

सुभाष नगर थाना पुलिस की कार्रवाई

मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है. थाना प्रभारी कैलाश चंद्र विश्नोई ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने शिकायत दर्ज होते ही दिशा-निर्देश जारी किए और पुलिस ने जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान अस्पताल स्टाफ की भूमिका संदिग्ध पाई गई. साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

स्पाई कैमरे से वीडियो बनाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित वीडियो अस्पताल परिसर के भीतर स्पाई कैमरा लगाकर बनाया गया था. हालांकि, पुलिस के अनुसार अभी तक कोई वीडियो बरामद नहीं हुआ है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो की वास्तविक प्रकृति क्या थी.

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि डॉक्टर द्वारा कोई राशि आरोपियों को दी गई हो. फिलहाल चारों आरोपी पुरुष नर्सिंगकर्मियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है.

शहर में चर्चा का विषय

यह मामला सामने आने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. एक ओर जहां अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा क्षेत्र की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह की आपराधिक साजिश ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.