संवैधानिक विदाई और नया दायित्व: तेलंगाना के राज्यपाल पद की कमान संभालेंगे शिव प्रताप शुक्ल
Shiv Pratap Shukla to take charge as Governor of Telangana
शिमला। Shiv Pratap Shukla to take charge as Governor of Telangana, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अब तेलंगाना का कार्यभार संभालेंगे। सोमवार सुबह वह शिमला से निकल गए, इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित अन्य मंत्री व नेता उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्यपाल ने तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद किया और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मिलजुलकर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने प्रदेश की समस्याओं को समझने के लिए लगातार प्रयास किए और सामाजिक संगठनों के कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल केवल राजभवन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों का दौरा कर जमीनी स्तर पर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आई, वहां अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कई मुद्दों का समाधान आपसी बातचीत और संवाद के माध्यम से किया गया।
सरकार ने गंभीरता से लिए सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई मामलों में राज्यपाल ने सुझाव भी दिए, जिन्हें सरकार ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि कुछ विधेयकों को लेकर अगर किसी प्रकार की शंका होती थी तो उसे बातचीत के जरिए दूर किया जाता था, जिसके बाद राज्यपाल अपनी सहमति दे देते थे। वहीं कुछ मामलों में संवैधानिक प्रक्रिया के तहत विधेयकों को राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भी भेजा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद बेहद महत्वपूर्ण होता है और इसी के माध्यम से कई जटिल मुद्दों का समाधान संभव हो पाता है।
भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप जीतने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही मजबूत रही और खिलाड़ियों की मेहनत का ही परिणाम है कि भारत ने यह उपलब्धि हासिल की।