10 दिन से खुदी सड़क से परेशान सेक्टर-15ए के निवासी, AAP नेता संदीप दहिया ने उठाया मुद्दा
- By Gaurav --
- Saturday, 13 Jun, 2026
Sewerage Work Causes Hardship in Chandigarh Sector-15A, AAP Leader Sandeep Dahiya Demands Action
Sandeep Dahiya ने चंडीगढ़ के Sector 15-A में चल रहे सीवरेज कार्य को लेकर प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-15ए के मकान नंबर 229-238 और 301-310 के निवासियों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य के कारण उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं का उल्लेख किया गया है।
दहिया ने कहा कि छह दिन पहले उन्होंने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था और इस संबंध में प्रशासक, उपायुक्त, नगर आयुक्त तथा नगर निगम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से शिकायत भी भेजी थी। इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीती रात हुई बारिश के बाद नगर निगम के सीवरेज विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढों में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पिछले लगभग 10 दिनों से सड़क खुदी होने के कारण स्थानीय निवासियों का घरों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। इस समस्या से 20 से अधिक परिवार प्रभावित हैं।
संदीप दहिया के अनुसार बुजुर्ग नागरिकों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क पर रेत, ईंटें, पाइप और अन्य निर्माण सामग्री बिखरी होने के कारण मार्ग का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो गया है, जिससे वाहन पार्किंग और आवाजाही दोनों प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के कारण उड़ रही धूल से क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ गया है। धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
दहिया ने दावा किया कि साइट पर कार्यरत कर्मचारियों को कई बार निवासियों की समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन आवागमन, पार्किंग या धूल नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्रभावित घरों तक सुरक्षित पहुंच बहाल करने, वाहनों की आवाजाही और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाने, नियमित पानी का छिड़काव कर धूल नियंत्रण करने, सीवरेज कार्य शीघ्र पूरा करने तथा प्रभावित निवासियों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।