हिमाचल में भीषण गर्मी, ऊना में पहली बार 40 डिग्री पार, पहाड़ों में मौसम का बदला मिजाज
Severe heat in Himachal, Una crosses 40 degrees
शिमला। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में तेज धूप खिल रही है। इससे मैदानों के साथ पहाड़ भी तपने लगी है। वीरवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया। ऊना में दिन का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ अप्रैल में इस बार सीजन में पहली बार 40 डिग्री पर पहुंच गया।
हालांकि, बीते वर्ष 42 डिग्री को पार कर गया था। प्रदेश में चार प्रमुख स्थानों पर तापमान 35 डिग्री को पार कर गया है। इसमें ऊना के अलावा मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर का बरठीं शामिल है। वहीं, मैदानों में पड़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक शिमला, मनाली, धर्मशाला सहित अन्य पर्यटन स्थलों का रुख करने लगे हैं।
इन दिनों मैदानी क्षेत्रों में गेहूं कटाई का काम चला रहा है। मौसम विभाग ने 24 अप्रैल से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान लगाया है जिसका असर 25, 28 व 29 को अधिक रहने का अनुमान है। इसके कारण ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में गेहूं के अलावा अन्य फसलों और फलों को नुकसान की संभावना जताई गई है। 24 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में आंधी चलने का अनुमान है।
इस दौरान चोटियों पर हिमपात की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। लाहुल स्पीति के ताबो में अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
कालका से शिमला के लिए 30 अप्रैल से 15 जुलाई तक चलेगी समर स्पेशल ट्रेन
गर्मियों में शिमला आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कालका से शिमला के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन कालका से शिमला के लिए दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना होगी।
उत्तरी रेलवे के अंबाला मंडल ने कालका-शिमला रेलखंड पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विशेष ट्रेन 30 अप्रैल से 15 जुलाई तक संचालित की जाएगी।