हिमाचल बजट सत्र: आज से शुरू होगा दूसरा चरण, सदन में वार-पलटवार के आसार
Himachal Budget Session
शिमला। Himachal Budget Session, केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद करने के बाद हिमाचल प्रदेश के सामने उत्पन्न स्थिति को लेकर बचाव की स्थिति में रही भाजपा आज से सदन में आक्रामक तेवरों के साथ नजर आएगी। दरअसल, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण आज, 18 मार्च से शुरू होने जा रहा है।
दूसरे चरण की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के साथ होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को राज्य का बजट पेश करेंगे, जिस पर चर्चा के बाद 30 मार्च को मतदान करवाया जाएगा।
विपक्ष की ओर से सरकार पर सदन के भीतर व बाहर झूठ बोलने की टिप्पणियां सार्वजनिक तौर पर की जा रही है। ऐसे में तय माना जा रहा है कि प्रश्नकाल के दौरान भाजपा पूरी तैयारी के साथ सरकार को घेरने के लिए कमर कसकर आएगी।
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होनी है। चर्चा में कांग्रेस विधायक विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राज्य को विकास की राह पर लेकर जाने के लिए मुख्यमंत्री के साथ दीवार की तरह खड़ी नजर आएगी। जबकि विपक्ष सरकार की नाकामियों को उजागर करने का कोई मौका नहीं छोड़ेगा।
अवकाश से पहले तीन दिन के सत्र के दौरान भाजपा पूरी तरह से बिखरी हुई दिखी थी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सदन के बीचोंबीच आए थे, लेकिन उनके सहयोगी बाद में धीरे-धीरे आए थे। अब देखना होगा कि विपक्षी सदस्यों में आपसी तालमेल नजर आता है या नहीं।