श्रीराम लहर में कांग्रेस को चुनावी नैया पार कराने वालों की तलाश

श्रीराम लहर में कांग्रेस को चुनावी नैया पार कराने वालों की तलाश

Himachal Pradesh Politics

Himachal Pradesh Politics

लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली में मंथन, कांग्रेस टिकट आबंटन कमेटी की बैठक 
प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया मंथन 

-संदीप उपाधाय्य -
शिमला। Himachal Pradesh Politics: 
देश की सियासत में चल रही भगवान श्रीराम की लहर में कांग्रेस नेता चुनावी नैया पार कराने वालों की तलाश में जुटी है। लोकसभा चुनावों में हिमाचल की चारों सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार के लिए कांग्रेसी नेताओं ने मंथन किया है। टिकट आवंटन कमेटी की बैठक में चरणदास की अध्यक्षता में हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में मंथन किया है। 

अयोध्या में मंदिर निर्माण कर श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने के साथ देश की सियासत में श्रीराम लहर चल रही है। ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के सामने बड़ी चुनौती है कि श्रीराम लहर में उनकी चुनावी नैया कौन पार लगा सकता है। पिछले 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में मोदी लहर के चलते चारों सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। इसके बाद हुए मंडी के लोकसभा के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत हासिल हुई थी। अब चुनौती यह है कि 2024 में होने वाले चुनावों में सुक्खू सरकार कितनी सीटें जीत सकती है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू दावा करते हैं कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत दर्ज होगी। सुक्खू को विश्वास की प्रदेश की जनता व्यवस्था परिवर्तन पर विश्वास करते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ खड़ी होगी। कांग्रेस को ऐसी उम्मीदवारों की तलाश है जो भाजपा के पक्ष में चल रही लहर हो तोड़कर विजय पताका लहरा सके। इसके लिए कांग्रेस पार्टी के नेता गहरा मंथन कर रहे हैं। 

प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार उतारने के लिए कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने दिल्ली में मंथन किया। जिसमें शिमला संसदीय क्षेत्र से कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और श्रीरेणुका जी से विधायक विनय कुमार के नाम पर चर्चा हुई है। मंडी संसदीय क्षेत्र से वर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह के साथ-साथ सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह के नाम पर भी मंथन किया गया। वहीं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखन पाल और ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा के नाम सामने रखे गए। वहीं कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से धर्मशाला से विधायक व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और नगरोटा के विधायक रघुवीर सिंह बाली के नाम पर गहरा मंथन हुआ है। अब देखना होगा कि कांग्रेस हाईकमान किसे जिताऊ उम्मीदवार मानकर उम्मीदवार बनाती है। 

दिल्ली में आयोजित बैठक में यह भी निर्णय हुआ है कि पार्टी जिताऊ उम्मीदवार के लिए जमीन सर्वे भी कराएगी। सर्वे में चर्चा में आए उम्मीदवरों के नाम के अलावा कुछ अन्य नेताओं के नाम शामिल होंगे। सर्वे रिपोर्ट भी उम्मीदवारों के चयन में महत्वपूर्ण होगी। 

हाईकमान तय करेगा राज्यसभा उम्मीदवार 

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार का चयन कांग्रेस हाईकमान ही करेगा। संभावना यही है कि इस बार हिमाचल का कोई भी नेता राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनेगा। कांग्रेस पार्टी को बड़ा नेता ही उम्मीदवार होगा। चर्चा यह भी है कि हिमाचल प्रदेश से प्रियंका गांधी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया जा सकता है। अब प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही नाम सामने आएगा।

यह पढ़ें:

500 वर्षों की साधना प्रतीक्षा के बाद बने राम मंदिर का दर्शन करना सौभाग्य की बात: अनुराग ठाकुर

कांग्रेस मोहब्बत की दुकान में बेच रही नफ़रत का सामान: अनुराग ठाकुर

हिमाचल के कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल