Chandigarh Schools: चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; पुलिस ने घेराबंदी की, बम स्क्वायड-फायर टीम मौके पर

चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; पुलिस ने घेराबंदी की, बम स्क्वायड-फायर टीम मौके पर, चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन जारी

Schools Bomb Threat in Chandigarh again Breaking News

Schools Bomb Threat in Chandigarh again Breaking News

Chandigarh Schools Bomb Threat: चंडीगढ़ में एक महीने के भीतर दूसरी बार स्कूलों को बम से उड़ाने क धमकी मिली है। जिसके बाद फिर एक बार दहशत का माहौल बन गया है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने तुरंत एक्शन में आते हुए स्कूलों की घेराबंदी कर ली है। कई आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं और बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड के साथ तत्परता से स्कूलों को खाली कराते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एंबुलेंस भी मौजूद हैं। स्कूलों और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बम या कुछ भी संदिग्ध बमनुमा जैसी चीज नहीं मिली है।

ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई

स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी इस बार भी ईमेल के जरिए ही दी गई है। शुक्रवार सुबह ईमेल के जरिए शहर के 4 स्कूलों को बम की धमकी मिली। जिसके बाद हड़कंप मच गया और स्कूलों ने फौरन इस बारे में चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस भी तुरंत एक्शन में आई और आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा मौके पर सभी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए और एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया। फिलहाल सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। वहीं दूसरी तरफ धमकी के संबंध में चंडीगढ़ पुलिस ने गंभीरता से जांच भी शुरू कर दी है। इसी के साथ चंडीगढ़ पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से पैनिक न होने की अपील की गई है।

साइबर सेल टीम जांच में जुटी

आशंका यही जताई जा रही है कि यह धमकी दहशत फैलाने के लिए किसी की जानबूझकर की शरारत या साजिश हो सकती है। लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई कर रही है। पुलिस की हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस अब यह जान रही है कि धमकी देने वाला कौन है? पुलिस अपनी तरफ से अपनी पूरी जांच और छानबीन के बाद ही राहत की सांस लेगी। वहीं इस धमकी के बाद चंडीगढ़ में अलर्ट जारी है और स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल टीम यह पता लगाने में जुट गईं हैं कि आखिर स्कूलों को धमकी भरी ईमेल किसने और कहां से भेजी?

28 जनवरी को चंडीगढ़ के 25 से ज्यादा स्कूलों को धमकी आई

गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने 28 जनवरी को चंडीगढ़ के 25 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी दी गई थी। यह फर्जी धमकी भी ईमेल के जरिए आई थी। वहीं सिर्फ चंडीगढ़ के स्कूल ही नहीं बल्कि चंडीगढ़ जिला अदालत, पंजाब सचिवालय, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट, हरियाणा सचिवालय, हरियाणा सीएम आवास को भी पिछले दिनों बम से उड़ाने की बात कही जा चुकी है। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बनता रहा और हर बार पुलिस टीम और बम स्क्वायड ने गहन सर्च ऑपरेशन चला छानबीन की कार्रवाई भी की। हालांकि, बार-बार बम होने की सूचना अफवाह ही साबित हुई। मसलन सर्च ऑपरेशन में कोई भी बम नहीं मिला।

बढ़ रहा है धमकियों का सिलसिला

सिर्फ चंडीगढ़ के स्कूल या अन्य संस्थान ही नहीं बल्कि मोहाली, अमृतसर, पटियाला, जालंधर और अंबाला के स्कूलों को भी पिछले दिनों बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इसके अलावा पंचकूला में जिला अदालत को बम से उड़ाए जाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं इसी के साथ दिल्ली के स्कूलों को भी बम से उड़ाने की बात कही जा चुकी है। हाल ही में राजधानी दिल्ली में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा दिल्ली-NCR में कई अदालतों, विमानों, मॉल, क्लब, होटलों में भी बम रखे जाने की फेक धमकी दी जा चुकी है।

ये सिर्फ डराने की साजिश या कोई बड़ी प्लानिंग?

पिछले कुछ दिनों से जिस तरह लगातार स्कूलों को बम से उड़ाने की फेक धमकी दी जा रही है। ये सिर्फ डराने की साजिश है या कोई बड़ी प्लानिंग? फिलहाल तो यह बेहद चिंताजनक और सुरक्षा को लेकर खतरे की स्थिति है। इससे पहले वास्तव में कोई बड़ी घटना हो। पुलिस और जांच-सुरक्षा एजेंसियों को इसे कतई हल्के में नहीं लेना चाहिए और इसे रोकने के लिए कोई ठोस और प्रभावी कदम उठाना चाहिए। अगर कोई इस तरह की शरारत भी कर रहा है तो उसके खिलाफ पुलिस को ऐसी कार्रवाई करनी चाहिये की नजीर बने और आगे से फिर कोई और ये काम न करे।