"शिमला के साहिल चौहान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने, अखिल भारतीय 23वां स्थान हासिल"
Sahil Chauhan from Shimla becomes Lieutenant
-
साहिल चौहान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के तौर पर चयनित।
-
अखिल भारतीय स्तर पर 23वां स्थान प्राप्त किया।
-
अप्रैल में चेन्नई अकादमी में प्रशिक्षण शुरू करेंगे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के कोटशेरा कॉलेज के एनसीसी कंपनी के सीनियर अंडर ऑफिसर साहिल चौहान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के तौर पर चयनित हुए हैं। सेवा चयन केंद्र प्रयागराज में साक्षात्कार प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साहिल ने अंतिम मेरिट सूची में अखिल भारतीय स्तर पर 23वां स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. अजय गर्ग ने बताया कि साहिल चौहान आगामी अप्रैल में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। जो उनके सैन्य जीवन की औपचारिक शुरुआत होगी।
साहिल ने इससे पहले वर्ष 2024 में नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में हिमाचल एनसीसी का नेतृत्व कर प्रदेश का नाम रोशन किया था। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें जुलाई 2025 में महानिदेशक एनसीसी ने प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया था।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी साहिल का प्रदर्शन सराहनीय रहा है और उन्होंने बीकॉम प्रथम व द्वितीय वर्ष में महाविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। डॉ. पीडी कौशल, डॉ. राकेश शर्मा व अन्य प्राध्यापकों ने भी साहिल चौहान को बधाई दी।
कॉलेज के पांच युवा बने हैं सैनिक
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी महाविद्यालय के पांच एनसीसी कैडेट भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित हो चुके हैं। एनसीसी इकाई की उत्कृष्ट परंपरा और मजबूत हुई है।
कॉलेज प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने साहिल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि साहिल का अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। एनसीसी युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।