अलीगढ़ स्कूल बस हादसा: लापरवाही पर परिवहन विभाग का कड़ा प्रहार, आरटीओ समेत दो बड़े अधिकारी निलंबित

अलीगढ़ स्कूल बस हादसा: लापरवाही पर परिवहन विभाग का कड़ा प्रहार, आरटीओ समेत दो बड़े अधिकारी निलंबित

RTO and two senior officials suspended

RTO and two senior officials suspended

लखनऊ। Aligarh school bus accident: अलीगढ़ में स्कूल बस हादसे में बच्ची की मौत के बाद परिवहन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर अलीगढ़ के संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ -प्रवर्तन) वंदना सिंह और वर्तमान में सिद्धार्थनगर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) चंपालाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को अलीगढ़ सीमा से सटे कासगंज के नगला साधु गांव में यूपी-81 बीटी-8873 नंबर की स्कूल बस का फर्श टूट गया था। इससे एक बच्ची सड़क पर गिर गई और टायर चढ़ने से उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि यह बस अलीगढ़ दादो स्थित माउंट देवा इंटरनेशनल स्कूल में चल रही थी और वाहन का बीमा व परमिट समाप्त हो चुका था।

मामले में अलीगढ़ के तत्कालीन संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) व वर्तमान में सिद्धार्थनगर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) चंपालाल को शासकीय कार्यों में लापरवाही के कारण निलंबित किया गया है। इसके साथ ही अलीगढ़ की आरटीओ वंदना सिंह को भी पर्यवेक्षणीय दायित्वों में शिथिलता के आधार पर निलंबित किया गया।

विभाग ने उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) आगरा समेत संबंधित अधिकारियों से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को त्योहारों के दौरान लगातार भ्रमण करने और कंट्रोल रूम के जरिये त्वरित सूचना व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।