यमुनानगर में गरजे राकेश टिकैत, बोले- बेरोजगारी और सिस्टम की खामियां युवाओं को सड़क पर ला रही हैं
- By Gaurav --
- Sunday, 24 May, 2026
Rakesh Tikait Slams Government
राकेश टिकैत ने यमुनानगर में एक बार फिर अपने तीखे तेवरों के साथ सरकार पर निशाना साधा। किसान नेता मनमोहन सिंह औजला के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे टिकैत ने कहा कि देश का युवा आज गुस्से में है, बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है और सिस्टम की खामियां लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर रही हैं।
राकेश टिकैत ने “कॉकरोच जनता पार्टी” के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जहां सिस्टम कमजोर होगा और जनता को न्याय नहीं मिलेगा, वहां युवा अपने आप इकट्ठा होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि यह केवल एक चिंगारी है, जो कभी भी बड़ी आग का रूप ले सकती है।
उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान परेशान है। पढ़ाई पूरी करने के बावजूद रोजगार नहीं मिल रहा, किसान संकट में है और आम आदमी महंगाई से टूट चुका है। टिकैत ने आरोप लगाया कि सरकार डर और दबाव की राजनीति कर रही है।
देवीलाल परिवार की एकजुटता को लेकर पूछे गए सवाल पर टिकैत ने कहा कि देश में परिवारों को तोड़ने की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि चाहे लालू प्रसाद यादव का परिवार हो, अखिलेश यादव का परिवार हो, हरियाणा का चौटाला परिवार हो या शिवसेना से जुड़ा परिवार, हर जगह राजनीतिक तोड़फोड़ देखने को मिल रही है।
टिकैत ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए परिवारों को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाने की कोशिश खतरनाक साबित हो सकती है।
इस दौरान रतनमान, सुभाष गुर्जर समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।