राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर से भिड़ी स्कॉर्पियो, 5 युवकों की मौत, 3 गंभीर घायल

1000260567

Horrific road accident in Rajasthan: Scorpio collides with dumper; 5 youths killed, 3 critically

Horrific road accident in Rajasthan: बालोतरा जिले के भांडियावास गांव के पास देर रात NH-125 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रहे डंपर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में कुल 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. 

तीन युवकों की मौके पर मौत 

हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन 108 एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में  प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो घायल ने दम तोड़ दिया. 

बायतू के रहने वाले थे सभी मृतक 

सभी मृतक बायतू के कानोड़ गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान रेवांताराम (26) पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम (27) पुत्र मेहराराम जाट, भरत (25) पुत्र बन्नाराम जाट, किशन (27) पुत्र शेराराम जाट और भावेश पुत्र कलाराम जाट सभी निवासी कानोड के रूप में हुई. हादसे में घायल बाबू पुत्र अर्जुनराम, मुकेश पुत्र मेहराराम, हेमाराम पुत्र जीयाराम अस्पताल में भर्ती है, सभी का उपचार जारी है. 

कार डंपर से टकराई 

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो की टक्कर किसी अज्ञात वाहन से हुई थी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा. पुलिस अब आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है. हादसे के कारणों की जांच जारी है.