हिमाचल में 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार सस्पेंड

हिमाचल में 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार सस्पेंड

1000260647

Inspector Vijay Kumar, in-charge of the 'Harmony of the Pines

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' (Harmony of the Pines) बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को सोशल मीडिया से कथित कमाई के मामले में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। आरोप है कि उन्होंने विभाग की पूर्व अनुमति के बिना निजी म्यूजिक एल्बम तैयार किए, उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया और फेसबुक सहित अन्य माध्यमों से हर महीने करीब छह हजार रुपये की आय अर्जित की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। साथ ही यह जांच की जाएगी कि क्या सरकारी सेवा में रहते हुए उन्होंने सेवा नियमों का उल्लंघन किया और बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों में शामिल होकर विभागीय आचरण नियमों का हनन किया।

डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई जांच

पूरे मामले की विभागीय जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। उन्हें तीन माह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि सोशल मीडिया से होने वाली आय की प्रकृति क्या थी, इसके लिए आवश्यक विभागीय अनुमति ली गई थी या नहीं तथा इससे संबंधित अन्य नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

'हारमनी ऑफ द पाइन्स' हिमाचल प्रदेश पुलिस का चर्चित बैंड

'हारमनी ऑफ द पाइन्स' हिमाचल प्रदेश पुलिस का चर्चित बैंड है, जिसने राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रस्तुतियों से पहचान बनाई है। पुलिस के सांस्कृतिक आयोजनों, सरकारी कार्यक्रमों और विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर इस बैंड की प्रस्तुतियां काफी सराही जाती रही हैं। ऐसे प्रतिष्ठित बैंड के प्रभारी अधिकारी पर हुई यह कार्रवाई पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।