भागलपुर में JDU विधायक नरेंद्र कुमार नीरज के बेटे आशीष मंडल के रेस्टोरेंट बिग डैडी में लागी आग !
- By Arun --
 - Wednesday, 19 Apr, 2023
 
                        Raging fire today in hotel Big Daddy in Bhagalpur
भागलपुर:भागलपुर के गोपालपुर से JDU विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल उर्फ टिंकू के विवादित रेस्टोरेंट बिग डैडी में बुधवार की अलसुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थी कि रेस्टोरेंट के आसपास के छह घर भी उसकी चपेट में आ गए। धू-धू कर जल रहे रेस्टोरेंट और आसपास के घरों को देख स्थानीय व्यक्ति ने अग्निशमन विभाग को दी।
अग्निशमन दस्ते को आग पर काबू पाने में दो घंटे से ज्यादा वक्त लग गए। अग्निशमन की कई गाड़ियां बुलानी पड़ी। रेस्टोरेंट में अचानक लगी आग को लेकर विधायक पुत्र आशीष मंडल ने आरोप लगाया है कि यह सब असामाजिक तत्वों के सहयोग से किया गया है। उनसे भूमि संबंधी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश रखने वाले प्रापर्टी डीलर लाल बहादुर शास्त्री उर्फ लड्डू शास्त्री और उनके सहयोगियों ने घटना को अंजाम दिया है।
आग लगाने वालों की मंशा आग लगा कर जान से मार डालने और उसे हादसे का रूप देने की थी। रेस्टोरेंट में अगलगी से लाखों का नुकसान हो गया। संयोग था कि सभी लोग सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी विधायक पुत्र ने बरारी थाने को दी है। रेस्टोरेंट के आसपास के घरों के चपेट में आ जाने से उन घरों में रहने वालों को भी काफी नुकसान हुआ है। नकदी, जेवरात, कपड़े आदि जल गए।
विधायक पुत्र ने बताया कि सोमवार को उनके पिता के आवासीय परिसर के सामने भी आग लगाई गई थी। तत्काल स्थानीय लोगों ने ही बुझा दिया था। आग लगने से रेस्टोरेंट का 50 लाख रुपये से अधिक की क्षति का दावा किया गया है। इधर, बरारी पुलिस रेस्टोरेंट मालिक आशीष मंडल की जानकारी पर घटना की छानबीन में जुट गई है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की घटना की छानबीन की जा रही है।
जदयू विधायक गोपाल मंडल ने कहा दुश्मनी में लगा दी गई आग
जदयू विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि उनके बेटे के रेस्टोरेंट में दुश्मनी के कारण आग लगा दी गई है। करोड़ों की लागत से बेटे ने बिग डैडी रेस्टोरेंट का निर्माण कराया था। इसके लिए कितनों से कर्ज लिया था। छह माह सिर्फ रेस्टोरेंट के इंटीरियर डेकोरेशन में समय लगा था। सोचा था कि बेटा अपने पैर पर खड़ा हो रहा है। कोई रोजगार तो मिल गया है। अब पुलिस पता लगाए कि किसने ऐसा किया। बेटे ने तो पुलिस को जानकारी दी है कि किसने आग लगवा कर उसे मार डालने और हादसे का रूप दिये जाने की साजिश रची।
अबतक मिली जानकारी के मुताबिक, बरारी थाना क्षेत्र के छोटी हाउसिंग बोर्ड कालोनी मुसहरी के पास स्थित बिग डैडी होलट में शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है। हालांकि, होटल में आग लगी है या लगाई गई है, इसको लेकर अभी कुछ भी स्प्ष्ट नहीं है।