मनीष सिसोदिया बोले- पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ; BJP ने कहा- पेपर लीक हुआ है, अब अपने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लो
Punjab Paper Leak Controversy BJP Demands Education Minister resignation
Punjab Paper Leak Controversy: NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में हुए युवा-छात्रों के प्रदर्शन के बाद भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ गया. वहीं पेपर लीक का एक और विवाद अब पंजाब में बढ़ता दिख रहा है. दावा है कि यहां फार्मेसी परीक्षा का पेपर लीक हुआ. बीजेपी की तरफ से पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस का इस्तीफा मांगा जा रहा है. बीजेपी ने कहा कि खुद दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन में मनीष सिसोदिया ने कहा था कि पंजाब में अगर पेपर लीक हुआ तो हम शिक्षा मंत्री का सबसे पहले इस्तीफा लेंगे. आप पर हमला बोलते हुए बीजेपी कह रही है कि अब क्या हुआ?
मनीष सिसोदिया बोले- पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ
इधर आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में पेपर लीक की किसी घटना से इनकार किया है और इसे नकल का मामला बताया है. पंजाब आप प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि ''पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ. पंजाब की एक यूनिवर्सिटी में एक क्लासरूम में कुछ छात्र नकल करने के इरादे से ब्लूटूथ वाला स्मार्ट पेन क्लासरूम में ले आए. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत उसे जब्त कर लिया और उनके खिलाफ पुलिस एक्शन लिया गया.''
सिसोदिया ने आगे कहा कि ''कांग्रेस और भाजपा बहुत सारी अफवाहें फैला रहे हैं. उनके पेड ट्रोल सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं कि पंजाब में पेपर लीक हुआ है. मैं कांग्रेस और भाजपा से कहना चाहता हूं कि झूठ फैलाना बंद करें. झूठ की वजह से ही जनता ने ऐसी हालत कर दी है कि एक को कोई पूछता नहीं है और दूसरे के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ रहा है.''
यह पढ़ें-
पेपर लीक विवाद पर CM मान का बयान
पेपर लीक विवाद पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "सरकार बने 4.5 साल हो गए हैं. पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. हमें दो जगहों से नकल की रिपोर्ट मिली थी. वे ब्लूटूथ पेन से पेपर को डिजिटली स्कैन करके बाहर भेज रहे थे. उन्हें जो जवाब चाहिए थे, वे बाहर से मिल रहे थे. पेपर शुरू होने के 10 मिनट बाद, अंदर जो छात्र नकल कर रहे थे, वे भी पकड़े गए और जो बाहर से पेपर करवा रहे थे, जो एक पेपर के 3-5 लाख रुपये चार्ज कर रहे थे, उन्हें भी पकड़कर जेल में डाल दिया गया. कुल 21 लोग पकड़े गए और जेल में डाल दिए गए.''
हरजोत बैंस ने कहा- जरूरत पड़ी तो पद छोड़ दूंगा
फार्मेसी परीक्षा में पेपर लीक विवाद को लेकर इस्तीफे की बढ़ती मांग पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस का भी बयान सामने आया है. शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि फार्मेसी परीक्षा को लेकर जिस तरह पेपर लीक की बात कही जा रही है, वह सही नहीं है. फार्मेसी परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ था. बल्कि नकल का मामला सामने आया था और जिसमें संबंधित लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया था. पुलिस ने इस मामले में आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है.
वहीं बैंस ने यह भी कहा संबंधित परीक्षा उनके विभाग के अधीन नहीं थी, लेकिन कैबिनेट की सामूहिक जिम्मेदारी के तहत उन्होंने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की. यदि उनके इस्तीफे से शिक्षा व्यवस्था में सुधार आ सकता है तो वह किसी भी समय पद छोड़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि आज भी वह अपनी बात पर कायम हैं और पद से अधिक शिक्षा व्यवस्था को महत्व देते हैं.
बीजेपी नेता सिरसा ने कहा- शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लो
इधर दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "खुद मनीष सिसोदिया ने 18 जुलाई को प्रदर्शन में कहा था कि अगर उनके पंजाब में पेपर लीक होगा तो वो मंत्री को हटा देंगे. 19 तारीख के दिन ही वहां (पंजाब) फार्मेसी का पेपर लीक हो जाता है. माना जा रहा है कि लाखों रुपये देकर ये पेपर बाहर बेचा गया. इससे पहले 2023 में अंग्रेजी का पेपर, 2025 में SSSB का पेपर लीक होता है. उसमें भी बताया गया कि लाखों रुपये लेकर वो पेपर बेचा जा रहा था.''
सिरसा ने आगे कहा, ''लेकिन अब ये ताजा मामला सामने आया है और मनीष सिसोदिया ने कहा था कि वे इस्तीफा ले लेंगे. मगर अब जब इस्तीफे की बात आई तो मामला घुमाया जा रहा है. पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस कहते हैं कि ये मेरा विभाग नहीं है. आम आदमी पार्टी बच्चों के कंधों पर बंदूक रख कर चला रही है, बच्चों के नाम पर राजनीति कर रही है लेकिन जब बच्चों को इंसाफ देने की बात आई तो इनके दोहरे चेहरे सामने आ रहे हैं.''
पूनावाला ने कहा- 6 से 7 पेपर लीक पंजाब में हुए
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, "अरविंद केजरीवाल के सिद्धांत और हाथी के दांत, खाने के अलग-दिखाने के अलग हैं. मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि अगर उनके यहां पेपर लीक होगा तो वे इस्तीफा ले लेंगे, आज 6 से 7 पेपर लीक पंजाब में हुए हैं. अगर आपके यहां पेपर लीक हो तो वो चमत्कार और कहीं और हुआ तो शिक्षा मंत्री गुनहगार? कांग्रेस भी निर्लजता की हद पार करती है। कर्नाटक, केरलम और हिमाचल तक, उनके हर राज्य में पेपर लीक हुए हैं लेकिन AAP या कांग्रेस के मुंह से इस्तीफे का 'इ' भी नहीं निकल रहा है.''