पंजाब दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी; आखिरी बार इसी साल फरवरी में जालंधर आए थे, प्रदेश लीडरशिप में बदलाव के बाद पहला दौरा
PM Narendra Modi Punjab Visit Breaking News
PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पंजाब के दौरे पर आ सकते हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो पीएम मोदी इसी महीने या फिर अगले महीने पंजाब का दौरा कर सकते हैं. वह पंजाब को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. जिसमें एक बड़े रेलवे प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी शामिल है. 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है. रणनीतिक तौर से इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं.
आखिरी बार इसी साल फरवरी में जालंधर आए थे
पंजाब प्रदेश बीजेपी लीडरशिप में बदलाव के बाद मोदी का यह पहला दौरा है. इससे पहले वह आखिरी बार इसी साल फरवरी में जालंधर आए थे और यहां डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका था. साथ ही 'पद्मश्री अवॉर्ड' से सम्मानित डेरा सचखंड बल्लां के चीफ संत निरंजन दास से मुलाक़ात भी की थी. जबकि इससे पहले पीएम मोदी पंजाब में मई साल 2025 में आए थे। तब वह भारतीय वायुसेना के जालंधर स्थित आदमपुर एयरबेस पहुंचे थे। उनका यह दौरा 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान 13 मई 2025 को हुआ था।
हाल ही में नितिन नबीन पंजाब आए
2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने पंजाब में तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अधक्ष नितिन नबीन ने पंजाब का दौरा किया था. जबकि इससे पहले दिल्ली में पंजाब बीजेपी के सीनियर नेताओं की एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी। जिसमें बीजेपी के केंद्रीय नेताओं के अलावा पंजाब बीजेपी के नए प्रधान केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रधान सुनील जाखड़, पंजाब के संगठन मंत्री श्रीनिवासलु समेत पंजाब बीजेपी के कई सीनियर लीडर शामिल हुए थे. बैठक में पंजाब में संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई.
बीजेपी ने पंजाब लीडरशिप में किया बड़ा बदलाव
गौरतलब है कि हाल ही में बीजेपी ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव किया है। सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। केवल ढिल्लों एक सिख चेहरा हैं और बीजेपी का यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और संगठन को रणनीतिक विस्तार देने के लिए अहम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि केवल ढिल्लों अपने नेतृत्व में बीजेपी को पंजाब में कितना मजबूत कर पाते हैं?