होशियारपुर नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 5 जुलाई को होगा मतदान

Schedule for Hoshiarpur Municipal Corporation elections announced

Schedule for Hoshiarpur Municipal Corporation elections announced

होशियारपुर, 20 जून : Schedule for Hoshiarpur Municipal Corporation elections announced, डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा होशियारपुर नगर निगम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही संबंधित नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी। उम्मीदवार 22, 23 और 24 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, जबकि 25 जून को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 26 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी तथा 27 जून को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि  5 जुलाई, 2026 (रविवार) को नगर निगम के 50 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ज़िले में 1,34,000 वोटर रजिस्टर्ड है और कुल 139 बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान का समय प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया 7 जुलाई, 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

आशिका जैन ने बताया कि मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद उसी दिन संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतों की गणना की जाएगी, जिससे चुनाव परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के साथ ही नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है और इसके प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, संभावित उम्मीदवारों एवं नागरिकों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।



उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा चुनाव संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।