मशहूर पंजाबी सिंगर अमर नूरी को धमकी: थ्रेट कॉल करने वाले ने कहा- अंजाम बुरा होगा, पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया

 Famous Punjabi Singer Amar Noorie Threat Call Sardool Sikander Wife

Famous Punjabi Singer Amar Noorie Threat Call Sardool Sikander Wife

Punjabi Singer Amar Noorie: पंजाबी सिंगरों को धमकी मिलने का सिलसिला जारी है। अब मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्ट्रेस अमर नूरी को धमकी मिली है। एक शख्स ने उन्हें कॉल कर धमकाया है। उसने कॉल पर खुद को पुलिस वाला बताया। बताया जाता है कि अमर नूरी को धमकी देते हुए आरोपी ने कहा कि वह अपने बेटे को संगीत क्षेत्र छोड़ने को कहें और उनका बेटा गाने गाना बंद कर दे। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो अंजाम बुरा होगा। इस धमकी के बाद पूरा परिवार डरा हुआ है।

पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया

धमकी को लेकर अमर नूरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जहां पुलिस ने भी एफ़आईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच पुलिस ने 3 संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया है और उनसे इस संबंध में पूछताक्ष की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने अमर नूरी को सुरक्षा भी दी है। बता दें कि अमर नूरी पंजाब की जानी-मानी गायिका हैं और 80-90 के दशक में पंजाबी गानों को लेकर उनका अपना एक दौर रहा है। उन्होंने पंजाबी इंडस्ट्री के लिए कई गाने गाए। अमर नूरी के कई म्यूजिक एल्बम भी हैं। उनके गाने आज भी सुने जाते हैं।

अमर नूरी का विवाह प्रसिद्ध पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर से हुआ था। फरवरी 2021 में सरदूल सिकंदर का 60 साल की उम्र में कोरोना के चलते निधन हो गया था। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका था। 1980 के दशक में गायिकी की शुरुआत करने वाले सरदूल सिकंदर ने पंजाबी भाषा के लोक और पॉप संगीत से जुड़े कई गाने गाये। उन्होंने 80 के दशक में अपने शुरुआती एल्बम "रोडवेज़ दी लारी" के साथ अपनी चमक बिखेरी थी। सरदूल सिकंदर ने कई हिट पंजाबी गाने दिये। जो लोगों की रूह तक बस गए।