पंजाब की बेटियों ने बढ़ाया मान, अमनजोत, अर्शदीप और वीरपाल को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड
- By Gaurav --
- Monday, 25 May, 2026
Punjab Women Baseball
पंजाब बेसबॉल के लिए यह एक ऐतिहासिक और गर्व का पल रहा, जब राज्य की बेहतरीन महिला खिलाड़ियों अमनजोत कौर बैंस, अर्शदीप कौर और वीरपाल को उनके शानदार खेल प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए पंजाब सरकार द्वारा प्रतिष्ठित महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड और 5-5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंजाब का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार माना जाता है, जो खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देता है।
अमनजोत कौर बैंस ने 29वीं, 30वीं और 31वीं सीनियर नेशनल बेसबॉल चैंपियनशिप में लगातार गोल्ड मेडल जीतकर पंजाब का नाम रोशन किया। वह 2016 में कोरिया के गिजांग शहर में आयोजित 7वें विमेंस बेसबॉल वर्ल्ड कप में भारतीय महिला बेसबॉल टीम की कप्तान भी रहीं।
अर्शदीप कौर ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी और इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। उन्होंने भी 7वें विमेंस बेसबॉल वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वीरपाल ने राष्ट्रीय और इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर कई पदक जीतकर पंजाब को गौरवान्वित किया। उन्होंने भी कोरिया में आयोजित महिला बेसबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर पंजाब बेसबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी इंजीनियर हरबीर सिंह गिल और प्रधान सरदार सुखदेव सिंह औलाख ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे पंजाब बेसबॉल समुदाय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।