पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आतंकी नेटवर्क का अहम सदस्य गुरजिंदर सिंह गिरफ्तार
Punjab Police's major action: Gurjinder Singh
पटियाला। पंजाब में हाल के समय में सामने आए रेलवे ट्रैक धमाका और अन्य आतंकी घटनाओं के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी के करीबी सहयोगी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेंत को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव के अनुसार ये 5वीं गिरफ्तारी है। अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), पटियाला पुलिस और पठानकोट की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इस आरोपी को काबू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरदासपुर के धारीवाल ब्लॉक में बिधिपुर निवासी गुरजिंदर सिंह का संबंध मुख्य आरोपी जगरूप सिंह से है और वह कई घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभा चुका है।
दो और आतंकी घटनाओं में भी था शामिल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गुरजिंदर सिंह शंभू रेलवे ट्रैक धमाका, सरहिंद रेलवे ट्रैक ब्लास्ट और मोगा में जांच एजेंसी के कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था। यह भी सामने आया है कि इन सभी घटनाओं को विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर अंजाम दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के साथ ही पहले की गई बरामदगी और कार्रवाई के आधार पर शंभू, सरहिंद और मोगा की तीनों बड़ी घटनाओं की गुत्थी सुलझा ली गई है। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
प्रदेश में डर फैलाने की हो रही कोशिशें
पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं के जरिए प्रदेश में डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर इस साजिश को नाकाम कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।