Punjab Cricket Association Unveils

मुल्लांपुर स्टेडियम में ‘वॉल ऑफ फेम’ का शुभारंभ, पंजाब क्रिकेट के 33 सितारों को मिला सम्मान

pp

Punjab Cricket Association Unveils

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मुल्लांपुर स्थित न्यू चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम में ‘वॉल ऑफ फेम’ के रूप में एक अनूठी पहल का शुभारंभ किया।

मीत हेयर ने बताया कि इस पहल के तहत पंजाब क्रिकेट के 33 चमकते सितारों की तस्वीरें लगाई गई हैं, जिन्होंने देश और राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों में एकदिवसीय और टी-20 विश्व कप जीतने के गौरवशाली क्षणों से जुड़ी समूह तस्वीरें भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने अब तक तीन एकदिवसीय विश्व कप (दो पुरुष और एक महिला) तथा तीन टी-20 विश्व कप (2007, 2024 और 2026) अपने नाम किए हैं।

उन्होंने बताया कि युवराज सिंह, शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर जैसे प्रमुख खिलाड़ियों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं।

इसके अलावा, 1992-93 सत्र में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली पंजाब क्रिकेट टीम तथा 2022-23 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी विजेता टीम के यादगार क्षणों को भी तस्वीरों के माध्यम से संजोया गया है। 

इन तस्वीरों में उन महिला क्रिकेटरों को भी विशेष स्थान दिया गया है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पंजाब का गौरव बढ़ाया है।

मीत हेयर ने कहा कि उन्हें पंजाब के क्रिकेटरों की उपलब्धियों पर अत्यंत गर्व है। उन्होंने कहा कि यह वॉल ऑफ फेम राज्य की समृद्ध खेल विरासत को संरक्षित रखने का एक प्रयास है, ताकि आने वाली पीढ़ियां पंजाब के खिलाड़ियों के योगदान से प्रेरणा ले सकें। उनके अनुसार, यह पहल सुनिश्चित करेगी कि देश के खेल इतिहास में पंजाब का योगदान सदैव जीवंत और स्मरणीय बना रहे।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेल इतिहास के लिए एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक कदम बताया।

इस अवसर पर पीसीए के संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा भी उपस्थित रहे।