लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारी पूरी, कड़े सुरक्षा और निगरानी निर्देश

लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारी पूरी, कड़े सुरक्षा और निगरानी निर्देश

Preparations complete for Police Recruitment

Preparations complete for Police Recruitment

लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा है कि पुलिस उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र के अलावा काला या नीला रंग का पेन व पहचान पत्र लेकर ही अभ्यर्थी प्रवेश करने दिया जाए।

उन्होंने सभी जिला व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा में किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। इसकी तैयारी पहले से ही कर ली जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने में प्रशिक्षण व ब्रीफिंग का विशेष महत्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक स्थान पर हुई त्रुटि पूरे परीक्षा तंत्र को प्रभावित कर सकती है।

शुक्रवार को उन्होंने अपने कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों व एसएसपी के साथ बैठक कर पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए कोषागार में निर्धारित कक्ष खाली हों तथा प्रवेश के लिए दरवाजे के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प न हो। कक्ष के भीतर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे, समुचित प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा दो सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नोडल अधिकारी (प्रशासन) की होगी। परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए सबसे सुरक्षित एवं न्यूनतम दूरी वाले मार्ग का चयन करते हुए विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग (शारीरिक तलाशी) सावधानीपूर्वक की जाए। परीक्षा अवधि के दौरान संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी निगरानी करें। मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों के आसपास डायल-112 की गाड़ियों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का रेल एवं बस से आवागमन होगा। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक परिवहन एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही होटल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों द्वारा ओवरचार्जिंग पर नजर रखी जाए।

उन्होंने अफवाह फैलाने वालों एवं इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि 4543 पदों पर भर्ती को लेकर आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए सभी जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली का समय सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 15,75,760 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।