नीट पेपर लीक विवाद पर शिमला में सियासी घमासान, कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव, भाजपा ने किया पलटवार

नीट पेपर लीक विवाद पर शिमला में सियासी घमासान, कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव, भाजपा ने किया पलटवार

1000268337

Political turmoil in Shimla over the NEET paper leak controversy

शिमला। दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद सियासत गरमा गई है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि देश में भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। जब छात्रों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो केंद्र सरकार ने उन पर लाठियां भांजी। कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है। आज शिमला में भाजपा कार्यालय का घेराव कर केंद्र सरकार को चेताने की कोशिश की गई है कि छात्रों को न्याय दिया जाए और पेपर लीक माफिया को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। अब भाजपा तानाशाही पर उतर आई है और कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज कर रही है जो निंदनीय है।

भाजपा विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने कांग्रेस पर पलटवार किया और कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सरकार के संरक्षण में कानून को हाथ में लिया जा रहा है।आज कांग्रेस ने बीजेपी कार्यालय का घेराव किया, जिसका भाजपा ने उसी भाषा में जवाब दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार का दायित्व है, लेकिन सरकार के संरक्षण में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा इसका मुंह तोड़ जवाब देगी।