सपा विधायक आलमबदी आज़मी का निधन, आजमगढ़ में शोक की लहर; पांच बार रहे निजामाबाद से विधायक
SP MLA Alam Badi Azmi passes away
आजमगढ़। SP MLA Alam Badi Azmi passes away, निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी आजमी का बुधवार की देर रात निधन हो गया। उन्होंने आजमगढ़ शहर के कुर्मी टोला स्थित आवास पर आखिरी सांस ली।
आजमी 92 साल के थे। पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। उनका लखनऊ में भी इलाज चला, जहां से हालत में विशेष सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया था। बुधवार रात उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
विधायक के निधन की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके आवास पर पहुंच गए।
श्रद्धांजलि देने घर पहुंच रहे लोग
गुरुवार सुबह से ही उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
पांच बार निजामाबाद से रहे विधायक
आलमबदी आज़मी का राजनीतिक सफर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा। वह कुल पांच बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए निजामाबाद सीट से विधायक चुने गए। उन्होंने पहली बार वर्ष 1996 में जीत दर्ज की, इसके बाद 2002 में दोबारा विधायक बने।
वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बसपा के अंगद यादव से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार विधायक निर्वाचित होकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।