महिला आरक्षण पर राजनीतिक घमासान: करन सिंह माहरा का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
Political Showdown over Women's Reservation
रानीखेत। Political Showdown over Women's Reservation, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य करन सिंह माहरा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर करारा प्रहार किया। कहा कि भाजपा ने देश की मातृशक्ति के साथ विश्वासघात किया है। अब राजनीतिक लाभ के लिए झूठ फैला रही है।
कहा कि कांग्रेस शुरू से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण की प्रबल पक्षधर रही है। वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन एक्ट का कांग्रेस ने मजबूती से समर्थन किया था।
मगर भाजपा ने इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने के बजाय इसे जानबूझकर जनगणना व परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर टालने की रणनीति अपनाई है। अब ऐसा प्रपंच रचा जा रहा जैसे विपक्ष महिला विरोधी हो। माहरा ने कहा कि सरकार में साहस है तो वर्तमान लोकसभा सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिखाए।
यहां शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय इसे केवल चुनावी हथियार बना रही है, ताकि जनभावनाओं को भड़का सियासी लाभ लिया जा सके।
सच्चाई ठीक विपरीत
संसद में हालिया घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन से जुड़े संविधान संशोधन को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा हो, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है। कांग्रेस न केवल महिला आरक्षण के पक्ष में है, बल्कि वह चाहती है कि इसे बिना किसी देरी के तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि देश की महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।
माहरा ने आगे कहा कि भाजपा का पूरा तंत्र आज देश को गुमराह करने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल 2026 को जारी किए गए नोटिफिकेशन को भी भाजपा ने एक बड़े प्रचार अभियान का हिस्सा बना दिया। जिससे यह भ्रम पैदा किया जा सके कि महिला आरक्षण लागू हो चुका है, जबकि ज़मीनी हकीकत यह है कि महिलाओं को अभी तक वास्तविक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ है तो वर्तमान लोकसभा सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता क्यों नहीं निकाला गया? उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि जैसे ही महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिलेगा, उसकी राजनीति की जमीन खिसक जाएगी, इसलिए वह जानबूझकर इस मुद्दे को लटकाए हुए है।
भाजपा पर लोकतंत्र की मूल भावना के साथ खिलवाड़ की तोहमत मढ माहरा ने महिलाओं के नाम पर राजनीतिक ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।