पंचकूला में बयान पर सियासी संग्राम, चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को भेजा लीगल नोटिस
- By Gaurav --
- Monday, 27 Apr, 2026
Political Row Erupts in Panchkula
हरियाणा के पंचकूला में एक बयान को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस विधायक चौधरी चंद्रमोहन ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जहां भाजपा सांसद रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भेजा है, वहीं सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पिता की राजनीतिक विरासत और सम्मान को याद किया।
चंद्रमोहन ने अपने पिता के साथ पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनका परिवार हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ जनता की सेवा करता आया है। उन्होंने संकेत दिया कि “इज्जत को जो ललकारे, वो इतिहास नहीं लिख पाते”, जिससे साफ है कि यह पोस्ट हालिया विवाद के संदर्भ में की गई है।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई
बॉक्स। यह पूरा मामला 24 अप्रैल को पंचकूला के सेक्टर-5 में आयोजित एक जनसभा से शुरू हुआ। भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल के नामांकन से पहले आयोजित इस सभा में सांसद रेखा शर्मा ने मंच से कहा कि एक समय पंचकूला में “भजनलाल और चंद्रमोहन की बदमाशी” चलती थी और चुनाव इसी तरह जीते जाते थे। हालांकि बाद में उन्होंने बंसीलाल का नाम गलती से लेने की बात भी कही।
बॉक्स। कांग्रेस विधायक का जवाब और नोटिस
वीडियो सामने आने के बाद चंद्रमोहन ने सांसद को लीगल नोटिस भेजते हुए कहा कि यदि चुनाव “बदमाशी” से जीते जाते, तो जनता उन्हें पांच बार नहीं चुनती। उन्होंने अपने पिता को एक मर्यादित और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता बताते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। नोटिस में रेखा शर्मा से सात दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी की मांग की गई है।
बॉक्स। भाजपा ने बयान से बनाई दूरी
विवाद बढ़ने पर भाजपा ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने इसे सांसद की “व्यक्तिगत सोच” बताया। वहीं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए अप्रत्यक्ष रूप से नाराजगी जताई।
बॉक्स। बिश्नोई समाज में भी रोष
रेखा शर्मा के बयान को लेकर बिश्नोई समाज में भी नाराजगी देखने को मिली। हिसार में बिश्नोई सभा की बैठक में वक्ताओं ने सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की और चेतावनी दी कि माफी नहीं मिलने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बॉक्स। अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह न केवल एक प्रतिष्ठित परिवार बल्कि पूरे हरियाणा की जनता का अपमान है। वहीं भाजपा के कुछ नेताओं ने भी इस तरह की टिप्पणी को अनुचित बताया है।