नोएडा में पुलिसकर्मी से लूटपाट, कार में लिफ्ट देकर बदमाशों ने बनाया बंधक
- By Gaurav --
- Friday, 22 May, 2026
Police Constable Robbed
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में एक पुलिसकर्मी के साथ लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने कार में लिफ्ट देने का झांसा देकर पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया और उससे नकदी, मोबाइल फोन, बटुआ तथा एटीएम कार्ड लूट लिए। घटना के बाद बदमाश पीड़ित को चलती कार से धक्का देकर फरार हो गए।
पीड़ित अनुज कुमार वर्तमान में मथुरा के यमुना पार थाना में रिक्रूट आरक्षी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने थाना दादरी में दर्ज शिकायत में बताया कि 20 मई को वह एक दिन की छुट्टी लेकर घर जा रहे थे। मथुरा से नोएडा सेक्टर-62 पहुंचने के बाद वह जोया जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। कार चालक ने उनसे गंतव्य पूछा और जोया जाने की बात सुनकर उन्हें कार में बैठा लिया। कार में चालक सहित तीन लोग मौजूद थे।
अनुज कुमार के अनुसार, कुछ दूरी तय करने के बाद कार सवारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाश उन्हें दादरी क्षेत्र के बोड़ाकी गांव के पास ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन, बटुआ और एटीएम कार्ड छीन लिए। इसके बाद उन्हें चलती कार से नीचे फेंक दिया गया। घटना में अनुज के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मारपीट और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।