घुसपैठियों को चिह्नित करे पुलिस-प्रशासन, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

घुसपैठियों को चिह्नित करे पुलिस-प्रशासन, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

Pradhan Mantri Awas Yojana

Pradhan Mantri Awas Yojana

Pradhan Mantri Awas Yojana: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सर्किट हाउस में जिले की समीक्षा बैठक में कहा कि बड़ी संख्या में बाहरी लोग और घुसपैठिये प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध रूप से लाभ उठा रहे ऐसे घुसपैठियों को तत्काल चिह्नित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठिये सरकारी संसाधनों के दोहन कर रहे हैं। ये असामाजिक एवं बाहरी तत्व फर्जी कागजात, जाली प्रमाण पत्र और अवैध पहचान पत्रों के आधार पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनहितैषी सरकारी सुविधाओं का अवैध रूप से लाभ उठा रहे हैं। ये लोग देश के वास्तविक और मूल गरीब नागरिकों के हक पर डाका डाल रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी निकायों को पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक रूप से आवासहीन पात्र परिवारों को चिह्नित करने और अपात्र व अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों के विरुद्ध बिना किसी शिथिलता के कठोर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाएं और घुसपैठियों को तत्काल चिह्नित देश से बाहर भेजें।

डिप्टी सीएम ने कड़े तेवर अपनाते हुए स्पष्ट किया कि लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए आवंटित सरकारी धनराशि को वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक अनावश्यक रूप से बचाकर रखने या पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित न करने की प्रशासनिक ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आवंटित बजट का समयबद्ध सदुपयोग सुनिश्चित कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और आमजन को त्वरित रूप से विभिन्न योजनाओं में चयनित कर लाभान्वित किया जाए।

कार्यालयों से फरियादी निराश न लौटें

उपमुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तंत्र को संवेदनशील बनाने पर जोर देते हुए कहा कि तहसील, विकास खंड (ब्लॉक) और थानों से जुड़े मामलों में आम जनता को न्याय के लिए भटकना न पड़े। जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि धरातल पर उनका गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान होना चाहिए। कार्यालयों से कोई भी फरियादी निराश होकर नहीं लौटना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ अत्यंत शालीन, सेवाभावी और सद्व्यवहारपूर्ण आचरण अपनाना होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के साथ दुर्व्यवहार या लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सपा न संतों का सम्मान करती है न भक्तों का

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी न संतों का सम्मान करती है और न भक्तों का। उन्होंने कहा कि इनका अपमान करने का उनका इतिहास रहा है। जब सत्ता थी तब लाठी चलाई। राम भक्तों पर गोली चलाई। सत्ता से बेदखल हो गए तो अब चरणों में प्रणाम कर रहे हैं। यह नौटंकी से ज्यादा कुछ नहीं है। ये लोग संतों का सम्मान नहीं कर सकते। यह उनके वश की बात नहीं है। हम लोगों ने बहुत लड़ाई लड़ी है।

महर्षि वाल्मीकि के नाम पर मेट्रो के स्टेशन के नाम का प्रस्ताव

नगर निगम के नामित पार्षद राहुल वैध के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोगों ने डिप्टी सीएम को ज्ञापन देकर आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने का मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में वाल्मीकि समाज की आबादी करीब 2.30 लाख है। एमजी रोड़ पर सरकार द्वारा मेट्रो के पुल और स्टेशन काम तेजी से चल रहा है। शहर के किसी एक मेट्रो स्टेशन का नाम महापुरुष भगवान महर्षि वाल्मीकि के नाम से स्टेशन हो।