टीम इंडिया से ODI सीरीज से हारने के बाद कप्तान ने दिया इस्तीफा, अफगानिस्तान टीम को लगा बड़ा झटका
Hashmatullah Shahidi Steps Down as Afghanistan Captain
काबुल: Hashmatullah Shahidi Steps Down as Afghanistan Captain: अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की वन डे सीरीज 3-0 से हारने के एक महीने बाद बड़ा फैसला लिया है. जानकारी के मुताबिक उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बता दें, 31 साल के बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बैट्समैन ने जनवरी 2022 से भारत के खिलाफ सीरीज तक 55 वन डे मैचों में अफगान नेशनल टीम को लीड किया.
कप्तान के तौर पर सबसे शानदार पारी 2023 वर्ल्ड कप में इंडिया के खिलाफ आई, जहां उन्होंने 88 बॉल पर 80 रन बनाकर अफगानिस्तान को 272 रन बनाने में मदद की हालांकि, रोहित शर्मा की टीम ने आराम से टारगेट चेज कर लिया. शाहिदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि आज मैं पूरे सम्मान और सहमति से यह घोषणा करता हूं कि मैं अपने निजी फैसले पर अपनी टीम के कप्तान के पद से इस्तीफा दे रहा हूं.
शहीदी ने एक यादगार वन डे कैंपेन को लीड किया, जिसमें अफगानिस्तान को भारत में 2023 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स पर जीत दिलाई थी. इन नतीजों की वजह से वे पहले सेमीफाइनल में जगह बनाने से बस चूक गए, इससे पहले उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में भी कप्तानी की थी. उन्होंने कहा कि कप्तान के तौर पर यह जिम्मेदारी निभाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी. मुझे अपनी टीम के साथ ईमानदारी, एकता और कमिटमेंट के साथ काम करने पर गर्व है. उन्होंने अब तक 96 वन डे मैचों में एक शतक के साथ 2600 से ज्यादा रन बनाए हैं.
उन्होंने कहा कि अल्लाह की कृपा से, अधिकारियों, कोचों और खिलाड़ियों की कोशिशों से, हमने कई जीत हासिल की हैं. जरूरी मैच जीते हैं, बड़ी टीमों को हराया है और टीम का नाम ऊंचा किया है. शाहिदी ने कहा कि वह वन डे सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि अगले महीने आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वन डे सीरीज से पहले अफगानिस्तान नए कप्तान का नाम तय करने वाला है. शाहिदी ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां सिर्फ मेरी नहीं हैं, बल्कि पूरी टीम के टीमवर्क, त्याग और तालमेल का नतीजा हैं.
उन्होंने कहा कि मैं अपनी टीम के सभी खिलाड़ियों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और हर जीत और हर चुनौती में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे. उन्होंने कहा कि मैं टीम के अधिकारियों और टीम मैनेजमेंट का भी शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और हमेशा मेरा साथ दिया. आपका भरोसा और सहयोग मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात रहेगी.