2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से संवाद
Congress gears up for the 2027 Assembly elections
शिमला। Congress gears up for the 2027 Assembly elections, हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की दोबारा सत्ता वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अगले तीन महीनों में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के 50-50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसकी शुरुआत पच्छाद और चौपाल विधानसभा क्षेत्रों से हो चुकी है, जबकि सोमवार को ऊना और नाहन विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में संवाद होगा।
दूसरे चरण की योजना
दूसरे चरण में कैबिनेट मंत्रियों को जिला प्रभारी बनाने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इसका प्रस्ताव पार्टी शीर्ष नेतृत्व को मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। जिला प्रभारी मंत्री नियमित रूप से अपने जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से बैठक करेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और सरकार से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
फीडबैक लेगी पार्टी
पार्टी मुख्यालय इन बैठकों का फीडबैक लेकर समीक्षा करेगा। बैठकों में ब्लाक और जिला अध्यक्ष भी शामिल होंगे तथा उनके प्रदर्शन का भी आकलन किया जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि इस पहल से कार्यकर्ताओं की बात सरकार तक तेजी से पहुंचेगी, संगठन और सरकार के बीच समन्वय बेहतर होगा तथा 2027 के चुनावों के लिए पार्टी का जमीनी आधार मजबूत होगा।
अगले तीन महीनों में सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से संवाद पूरा किया जाएगा। कैबिनेट मंत्रियों को जिला प्रभारी बनाने का प्रस्ताव हाईकमान को भेजा गया है और मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर वर्ष 2027 में कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है।
-विनय कुमार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष।