मंडी में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने पर चालक ने पहाड़ी से टकराई एचआरटीसी बस, सात लोग सुरक्षित
Major accident averted in Mandi: HRTC bus driver steers
लडभड़ोल (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एचआरटीसी बस की ब्रेक फेल हो गईं। लडभड़ोल क्षेत्र में यह हादसा हुआ। ब्रेक फेल होने से बस सड़क के बीचों बीच पलट गई। हादसे के समय बस में चालक-परिचालक सहित सात सवारियां थीं, किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के डिपो जोगेंद्रनगर की बस लडभड़ोल से गंगोटी रूट पर जा रही थी। जब बस चार बजे के करीब रैंस के पास पहुंची तो अचानक बस का प्रेशर खत्म हो गया।
पहाड़ी से टकरा दी बस
चालक को अहसास हुआ कि बस की ब्रेक फेल हो गई है। उसने तुरंत समझदारी दिखाते हुए बस को सड़क किनारे पहाड़ से टकरा दिया। इससे पहले उसने सवारियों को सचेत कर दिया। पहाड़ से टकराने के साथ ही बस एकदम से पलट गई।
पहले से सतर्क कर दी थी सवारियां
ऐसे में पहले से सतर्क सवारियों जिसमें एक महिला, दो छोटी बच्चियां और दो युवतियां सुरक्षित रहीं। वहीं बस पलटने का पता चलते ही आस पास के लोग मौके पर पहुंची और सभी को बाहर निकाला।
क्या कहते हैं अधिकारी
एचआरटीसी के कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक शशांक शर्मा ने कहा कि बस पलटने की सूचना मिली है। तकनीकी टीम बस की जांच करेगी, उसके बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे का कारण क्या है।