PM मोदी आज करेंगे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, ₹5,470 करोड़ की रेल-सड़क परियोजनाओं की देंगे सौगात
- By Gaurav --
- Friday, 17 Jul, 2026
PM Modi to Inaugurate Jalandhar
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 125 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के लिए जालंधर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और आर्थिक विकास को गति देना है।
प्रधानमंत्री 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत जालंधर कैंट सहित देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से 20 राज्यों में विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। 'विरासत भी, विकास भी' की अवधारणा के तहत स्टेशनों में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री वाराणसी के लिए नई ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है, जहां से वह जनसभा को संबोधित करेंगे। पिछले तीन-चार दिनों से तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पंजाब पुलिस, एनएसजी (NSG) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की कमान संभाल रखी है। आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा कारणों से शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:30 बजे जालंधर पहुंचेंगे।