PM Modi Greets Nation on Rath Yatra

रथ यात्रा पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, बोले- यह भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रतीक

undefined

PM Modi Greets Nation on Rath Yatra

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पवित्र रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार प्रतीक है।

ओडिशा के पुरी में आयोजित वार्षिक रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों को श्रद्धालु श्री जगन्नाथ मंदिर से श्री गुंडिचा मंदिर तक खींचकर ले जाते हैं। इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में भी इसी प्रकार की रथ यात्राएं निकाली जाती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि रथ यात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा की भावना का प्रतीक है।

“महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो।”

प्रधानमंत्री ने भगवान जगन्नाथ से देश की समृद्धि, सुख-शांति और सभी नागरिकों के कल्याण की कामना भी की।