PM Modi Flags Off India's First Hydrogen

PM मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, ₹14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ

train

PM Modi Flags Off India's First Hydrogen

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद पहुंचे, जहां उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन का संचालन करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री एकलव्य स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम को हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह केवल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प और ग्रीन एनर्जी की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हरियाणा के जींद से शुरू होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज दुनिया भारत की तकनीकी क्षमता और 'मेक इन इंडिया' पहल की ओर देख रही है।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से 'मेक इन इंडिया' के तहत तैयार की गई है। यह ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर चलेगी और गोहाना, बुताना तथा मोहाना सहित कुल 12 स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन यह दूरी लगभग दो घंटे में तय करेगी। इसकी परिचालन गति 75 किमी प्रति घंटा होगी, जबकि इसे अधिकतम 110 किमी प्रति घंटे की गति के लिए डिजाइन किया गया है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जींद में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया।

रैली स्थल का जायजा लेने पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम प्रभारी संजय भाटिया ने कहा कि यह रैली हरियाणा के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं ने कई दिनों तक लगातार मेहनत की और प्रत्येक जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।