PM मोदी के नाम अब एक नया रिकॉर्ड; भारत के प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे समय तक रहने वाले दूसरे नेता बने, इंदिरा गांधी को पछाड़ा

PM Modi Breaks Indira Gandhi Record As Longest Serving PM of India
Modi Breaks Indira Record: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब अपने नाम एक और नया रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ते हुए भारत के प्रधानमंत्री पद पर लगातार सबसे लंबे समय तक रहने वाले दूसरे नेता बन गए हैं। आज शुक्रवार को पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे कर लिए। इस तरह उन्होंने इंदिरा गांधी के 4,077 दिन लगातार प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक 4,077 दिन लगातार प्रधानमंत्री रहीं थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनकी राजनीतिक कुशलता और रणनीति को दर्शाती है बल्कि साथ ही उनके नेतृत्व की स्थिरता और जनता के भरोसे को भी रेखांकित करती है। इससे पहले नरेंद्र मोदी ने लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014,2019 और 2024) में जीत हासिल कर और तीसरी बार प्रधानमंत्री बन प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। हालांकि, प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के आगे अभी पीएम मोदी प्रधानमंत्री पद पर अपने कार्यकाल को लेकर काफी पीछे हैं।
जवाहर लाल नेहरू पहले नंबर पर
बेशक पीएम मोदी तीन लगातार लोकसभा चुनाव जीतने के मामले में पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की बराबरी कर चुके हों। लेकिन पीएम पद पर कार्यकाल के मामले में मोदी, जवाहर लाल नेहरू से पीछे ही चल रहे हैं। लगातार सबसे अधिक दिन भारत के पीएम रहने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू शीर्ष पर यानि पहले नंबर पर हैं। वह 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6,126 दिन तक भारत के प्रधानमंत्री पद पर रहे हैं।
PM मोदी ने कांग्रेसी वर्चस्व को तोड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की राजनीतिक गतिशीलता को बदलकर रख दिया है। मोदी ने केंद्र में आने और बीजेपी का नेतृत्व संभालने के बाद कांग्रेसी वर्चस्व को तोड़ने का काम किया। जहां कभी नेहरू और इंदिरा गांधी के दौर में कांग्रेस का वर्चस्व था और इसके बाद भी यह कांग्रेस का वर्चस्व देश में चलता रहा तो वहीं नरेंद्र मोदी ने आकर गैर-कांग्रेसी नेतृत्व को एक नई ऊंचाई दे दी।
आजादी के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री के रूप में पीएम मोदी ने गैर-कांग्रेसी नेताओं में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का गौरव भी हासिल किया है। मोदी वह पहले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने बतौर पीएम दो पूर्ण कार्यकाल पूरे किए और कुल सेवा की अवधि में सभी गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्रियों से आगे हैं। ये उनकी राजनीतिक स्थिरता का प्रमाण है।
पीएम मोदी के नाम और कई रिकॉर्ड
पीएम मोदी के नाम और भी कई रिकॉर्ड हैं। पीएम मोदी का वास्तविक राजनीतिक सफर साल 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ। जहां उन्होंने 2002, 2007 और 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की और लगातार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद साल 2014 में मोदी की एंट्री गुजरात से दिल्ली हुई यानि केंद्र की राजनीति में। जिसमें मोदी ने बीजेपी को भारी जीत दिलाई। मोदी का मैजिक ऐसा चला कि उनके नेतृत्व में बीजेपी 2014 से 2024 तक तीन लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सत्ता में आई।
एक अधिकारी ने बताया कि मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने एक ही पार्टी के तहत छह विधानसभा और लोकसभा चुनाव में लगातार जीत दर्ज की है। यानि पीएम मोदी ने 6 चुनाव लगातार जीते हैं। इस तरह से वे एक चुने हुए सरकार के मुखिया का कार्यभार राज्य और केंद्र (कुल 24 वर्षों से अधिक) संभालने वाले पहले भारतीय नेता भी बने हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी दुनियाभर के नेताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रियता हासिल करने में अलग रिकॉर्ड बना रखा है।