पांगी अग्निकांड: काशंग परियोजना के लेबर कैंप में दो मजदूरों की मौत
Pangi Fire Tragedy: Two Laborers Die in Kashang
रिकांगपिओ। Pangi Fire Tragedy:किन्नौर जिले के दूरस्थ स्थित पांगी गांव में मंगलवार रात करीब एक बजे काशंग जलविद्युत परियोजना के लेबर कैंप में हुए भीषण अग्निकांड में दो मजदूर जिंदा जल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि मौके पर मौजूद मजदूरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन यह भयंकर रूप ले चुकी थी। मंगलवार रात ही आग लगने की सूचना मिलते ही एएसआइ संजीव टीम सहित मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक अग्निशमन विभाग और परियोजना के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। इन लोहे के शेड के साथ ही अन्य मजदूरों के शेड थे और घटनास्थल पर कई वाहन व मशीनरी भी खड़ी थीं। विभाग के समय पर आग पर काबू पाने से अन्य शेड व वाहन बचा लिए गए।
मजूदरों के लिए बनाए गए थे शेड
पांगी गांव में पूह-काजा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलविद्युत परियोजना के मजदूरों के लिए लोहे के शेड बनाए गए हैं। यहां पर परियोजना में कार्यरत करीब 35 मजदूर रहते हैं। मंगलवार रात जिस शेड में आग लगी, उसमें तीन मजदूर सोए हुए थे। इसमें 33 वर्षीय रणजीत कुमार निवासी जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड और 31 वर्षीय जगत वारे रुकाया निवासी नेपाल की जलने से मौत हो गई। शेड में सो रहे तीसरे मजदूर सरवन निवासी उत्तराखंड आग लगने के बाद किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोहे के शेड के भीतर प्लाईबोर्ड लगा था और बिजली की वायरिंग भी की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या जलती हुई बीड़ी-सिगरेट के कारण लगी हो सकती है। आग लगने के कारणों की जांच के लिए बुधवार को एसएफएल की टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।