Panchkula Firing: पंचकूला में बदमाशों के खूनी तांडव से सनसनी; DCP क्राइम ने बताया- शूटरों ने पुलिस टीम पर भी किया हमला

पंचकूला सेक्टर-5 में बदमाशों के खूनी तांडव से सनसनी; DCP क्राइम ने बताया- शूटरों ने पुलिस टीम पर भी किया हमला, मुठभेड़ में गोली लगी

Panchkula Sector 5 Firing Incident Shooters Targeting Ratan Lubana

Panchkula Sector 5 Firing Incident Shooters Targeting Ratan Lubana

Panchkula Firing Incident: चंडीगढ़ से सटे पंचकूला के सेक्टर-5 में बुधवार रात 2 बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला इलाके में सनसनी फैला दी। इस वारदात में बदमाश यहां रतन लुबाना नाम के शख्स पर जानलेवा हमला करने आए थे। बदमाश पहले से ही रेकी कर और घात लगाए बैठे हुए थे। जैसे ही रतन लुबाना का आना हुआ। मौका मिलते ही बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए रतन लुबाना ने भागने की कोशिश की। लेकिन बदमाश पीछा करते हुए लगातार गोलियां चलाते रहे। कई राउंड गोलीबारी और हमले के बाद रतन लुबाना को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बताया जाता है कि रतन लुबाना को तुरंत उपचार के लिए पहले सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां रतन लुबाना का इलाज अभी जारी है। वहीं यह भी पता चल रहा है कि बदमाशों के इस हमले में रतन लुबाना के साथ मौजूद ललित नाम का एक और शख्स भी घायल हुआ है। हालांकि ललित की स्थिति को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वारदात के वक्त गोलियों की आवाज से इलाके और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बनी रही।

सेक्टर-5 वारदात पर DCP क्राइम का बयान

इधर सेक्टर-5 वारदात पर पंचकूला डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने ज्यादा जानकारी दी है। DCP क्राइम ने बताया कि बुधवार रात पंचकूला सेक्टर-5 में दो शूटरों द्वारा क्लब ऑनर रतन लुबाना को टारगेट करते हुए गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी करने के बाद दोनों शूटर पल्सर बाइक पर मौके से फरार हो गए थे। इस दौरान उस एरिया में सक्रिय नाइट पेट्रोलिंग क्राइम टीम ने सूचना मिलते ही इनका पीछा किया और साथ ही इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। जिसके बाद कंट्रोल रूम द्वारा पूरे जिले की पुलिस टीम को इस वारदात को लेकर अलर्ट कर दिया गया और जगह-जगह नाकेबांदी की कार्रवाई की गई।

शूटरों ने पंचकूला पुलिस टीम पर किया हमला

DCP क्राइम के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान शूटरों ने बेला विस्टा चौक और नाडा साहिब पॉइंट के पास पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद मट्टा वाला फ्लाईओवर के नजदीक शूटरों की पूरी तरीके से घेराबंदी की गई। जहां इस दौरान पुलिस और शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से 4-4 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में दोनों शूटरों को गोली लगी है। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए पंचकूला के सैक्टर-6 सरकारी अस्पताल लाया गया था। जहां से दोनों को पीजीआई रेफर कर दिया गया।

दोनों शूटर पंजाब के रहने वाले

DCP ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में दोनों शूटरों की पहचान लुधियाना के जसविंदर सिंह और होशियारपुर के जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हुए हैं और उनके निर्देश पर इस वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे। हालांकि इनकी क्राइम हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इनके पास 2 हथियार मिले हैं। एक जिगाना पिस्टल है और एक ग्लॉक पिस्टल जब्त की गई है। इसके अलावा इनकी एक बाइक और कुछ आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा जो ऑडियो क्लिप सामने आई है। जिसमें रोहित गोदारा के बात करने का दावा किया जा रहा है, उसे वेरिफाइड किया जा रहा है।

रतन लुबाना की आपराधिक हिस्ट्री की जांच हो रही

रतन लुबाना को टारगेट करने के पीछे मोटिव के सवाल पर डीसीपी ने कहा कि रतन लुबाना क्लब ऑनर हैं और इन दिनों ट्राइसिटी में क्लब मालिकों को ज्यादा टारगेट किया जा रहा है। इसी कड़ी में यह वारदात हो सकती है। वहीं डीसीपी ने बताया कि रतन लुबाना का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं। लुबाना को कितनी गोलियां लगी हैं, इस सवाल पर डीसीपी ने कहा कि इसकी जानकारी अभी नहीं है।

वहीं डीसीपी ने फिलहाल रतन लुबाना या उनके परिवार की तरफ से पंचकूला पुलिस को पहले किसी धमकी की शिकायत दिये जाने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि शूटरों पर रिमांड पर लेने के दौरान पूछताक्ष में कई चीजें स्पष्ट होंगी। रतन लुबाना की भी आपराधिक हिस्ट्री की जांच की जाएगी। गैंगवार और हर एंगल से वारदात की जांच की जा रही है। वारदात के पीछे शामिल और भी आपराधिक तत्वों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

वारदात का CCTV वीडियो (विचलित हो सकते हैं आप)