पंचकूला मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल का 100 दिन का विकास रोडमैप, सफाई और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
- By Gaurav --
- Monday, 27 Apr, 2026
Panchkula Mayoral Candidate
पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल ने शहर के समग्र विकास का विस्तृत रोडमैप पेश किया है। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो पहले 100 दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, डंपिंग यार्ड की समस्या खत्म करने और लंबे समय से रुके विकास कार्यों को फिर से शुरू करना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी।
बंसल ने कहा कि उनका परिवार जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से जुड़ा रहा है और पंचकूला से उनका पुराना पारिवारिक संबंध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने का सीधा लाभ शहर के विकास को मिलेगा और बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
बॉक्स। सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
मेयर प्रत्याशी ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। डंपिंग यार्ड में जमा कचरे के ढेर को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और अन्य बुनियादी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
बॉक्स। रुके प्रोजेक्ट्स को मिलेगी नई रफ्तार
बंसल ने कहा कि पंचकूला में कई विकास परियोजनाएं विभिन्न कारणों से अधूरी पड़ी हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दोबारा शुरू करवाया जाएगा। उनका लक्ष्य शहर के विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
सरकार से मिलेगा पूरा सहयोग
निगम के सीमित बजट के सवाल पर उन्होंने भरोसा जताया कि हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही आश्वासन दे चुकी है कि पंचकूला के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का वादा
बंसल ने पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली का आधार बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं होगी। सभी विकास कार्यों के अनुमान जनता के सामने तैयार किए जाएंगे और वार्ड स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
जनता से सीधा संवाद होगा प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वह स्वयं हर महीने वार्डों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा उनका घर भी आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा।
राजनीति में आने की प्रेरणा और जनता से अपील
श्यामलाल बंसल ने बताया कि बचपन से ही उनका जुड़ाव जनसंघ से रहा है, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने पंचकूला की जनता से अपील की कि उन्हें सेवा का अवसर दें, ताकि वे शहर को और बेहतर बना सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि उन्हें जिम्मेदारी मिली, तो वे दिन-रात जनता के बीच रहकर शहर के हर क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करेंगे।