हांसी में हाईवे पर रोडवेज बस-ट्रक की टक्कर, एक की मौत, 13 यात्री घायल
- By Gaurav --
- Monday, 23 Feb, 2026
One person killed and 13 passengers injured in a roadways bus-truck collision on the highway in Hans
हांसी शहर में नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। भिवानी से जींद जा रही हरियाणा रोडवेज बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। घायलों को हांसी के नागरिक अस्पताल और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
रात को भिवानी से जींद के लिए रवाना हुई रोडवेज बस मुंडाल फ्लाईओवर से लगभग 2 किलोमीटर आगे पहुंची थी तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग चोटिल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामान्य अस्पताल हांसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और महम अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल, हादसे में घायल लोगों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।