Nuh Police Seizes Beer

नूंह में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 30 लाख की बीयर से भरा कंटेनर पकड़ा

pp

Nuh Police Seizes Beer

नूंह जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है। पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये कीमत की 653 पेटी बीयर जब्त कर कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी जयसिंहपुर, थाना सदर नूंह की टीम नूंह-होडल रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक बंद बॉडी कंटेनर में अवैध शराब छिपाकर राजस्थान की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नूंह-होडल रोड स्थित पैप्सी प्लांट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ समय बाद संदिग्ध कंटेनर मौके पर पहुंचा। पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन करीब 20-25 मीटर पहले ही रोक दिया और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आसिफ के रूप में बताई।

कंटेनर की तलाशी के दौरान पुलिस को 513 पेटी टुबर्ग बीयर कैन की कुल 12,312 कैन और 140 पेटी थंडर बोल्ट बीयर की कुल 3,360 कैन बरामद हुईं। इस तरह कुल 653 पेटी और 15,672 बीयर कैन जब्त किए गए। जांच के दौरान आरोपी बीयर से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने आरएन इंटरप्राइजेज और शिवम लॉजिस्टिक के नाम से दवाइयों से जुड़े बिल दिखाए, जिन्हें प्रथम दृष्टया फर्जी दस्तावेज माना जा रहा है। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

नूंह पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, बीयर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे राजस्थान में कहां सप्लाई किया जाना था।