हरियाणा की डायरी: संत रविदास एक्सप्रेस पर पुष्पवर्षा, विज ने दिया समरसता का संदेश

हरियाणा की डायरी: संत रविदास एक्सप्रेस पर पुष्पवर्षा, विज ने दिया समरसता का संदेश

Haryana Diary

Haryana Diary

हरियाणा की डायरी
सचित्र/संपादकीय पृष्ठ हेतु

प्रस्तुति: चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार

संत रविदास एक्सप्रेस पर पुष्पवर्षा, विज ने दिया समरसता का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई संत रविदास एक्सप्रेस का अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने रेलकर्मियों पर पुष्पवर्षा कर सम्मान व्यक्त किया और संत रविदास के संदेशों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। विज ने कहा कि "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके अनुसार यह ट्रेन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली नई कड़ी भी है।

सीएमओ में भोपाल सिंह खदरी की नई जिम्मेदारी

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी की मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में शिकायत निवारण सलाहकार के रूप में नियुक्ति हुई है। अनुभवी और प्रशासनिक समझ रखने वाले खदरी की एंट्री को सरकार की अहम रणनीतिक नियुक्ति माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं जनता से लगातार संवाद करते हैं और बड़ी संख्या में शिकायतें उनके पास पहुंचती हैं। ऐसे में खदरी की नियुक्ति से शिकायतों के त्वरित समाधान की उम्मीद बढ़ी है। वे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भी भरोसेमंद रहे हैं। अब नायब सरकार ने भी उन पर विश्वास जताकर उनके राजनीतिक कद को नई मजबूती दी है।

ग्रीन हाइड्रोजन को मिला औद्योगिक विकास का नया आधार

'मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026' में ग्रीन हाइड्रोजन को थ्रस्ट सेक्टर घोषित कर विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस क्षेत्र में निवेश करने वाली इकाइयों को अतिरिक्त पांच प्रतिशत पूंजीगत प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार का लक्ष्य हाइड्रोजन उत्पादन, फ्यूल सेल, इलेक्ट्रोलाइज़र, स्टोरेज और परिवहन उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देना है। इससे हरियाणा स्वच्छ ऊर्जा आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

जींद में ताजा हुई मोदी के स्कूटर वाले दिनों की यादें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की जनसभा में हरियाणा प्रभारी के रूप में बिताए अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि कभी वे स्कूटर पर प्रदेश के गांव-गांव घूमते थे और आज भी यहां के अनेक चेहरे उन्हें याद हैं। उनके संबोधन ने पुराने कार्यकर्ताओं और भाजपा संगठन के शुरुआती दौर की यादें ताजा कर दीं। उस समय उनके साथ वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी संगठनात्मक यात्राओं में सक्रिय भूमिका निभाते थे।

रेलवे का कायाकल्प, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भारतीय रेलवे का बड़ा हिस्सा डीजल पर निर्भर था, जिससे वैश्विक संकटों का सीधा असर पड़ सकता था। उन्होंने बताया कि पिछले 90 वर्षों में जहां केवल लगभग 30 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हुआ था, वहीं पिछले 12 वर्षों में इसे लगभग पूरी तरह पूरा कर दिया गया। हरियाणा का रेलवे नेटवर्क अब शत-प्रतिशत विद्युतीकृत हो चुका है। इसे आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक रेलवे की बड़ी उपलब्धि बताया गया।

जींद के बदले तेवर, इतिहास में दर्ज हुई नई पहचान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जींद की पहचान केवल मुर्रा भैंस, घी और घेवर तक सीमित नहीं रही। अब यह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि जैसे पहली ट्रेन मुंबई-थाणे के नाम से जानी जाती है, वैसे ही भविष्य में हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र जींद और सोनीपत के साथ होगा। इसे हरियाणा और देश के लिए गौरव का क्षण बताया गया।

खिलाड़ियों से अधिक पदक जीतने का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ खेल सहयोग बढ़ाने की जानकारी देते हुए कहा कि 2036 के बड़े खेल आयोजनों को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को अभी से तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा के खिलाड़ियों से देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने का आह्वान किया।

ई-रिक्शा, बस और साइकिल से पहुंचे जनप्रतिनिधि

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिखाई दिया। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ई-रिक्शा चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी और उमा सुधा भी उनके साथ रहीं। किरण चौधरी और श्रुति चौधरी ने भी ई-रिक्शा की सवारी की। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सीएनजी बस से पहुंचे, जबकि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने साइकिल चलाई। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा इलेक्ट्रिक कार से कार्यक्रम में पहुंचे।

'हरियाणा प्रधानमंत्री की कर्मभूमि' : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि हरियाणा नहीं है, लेकिन यह उनकी कर्मभूमि अवश्य रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने संगठन प्रभारी रहते हुए अपने श्रम और समर्पण से हरियाणा को सींचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का हरियाणा दौरा किसी औपचारिक कार्यक्रम की तरह नहीं बल्कि परिवार के मुखिया के आगमन जैसा होता है। उन्होंने प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में हुए विकास का भी उल्लेख किया।

धर्मेंद्र प्रधान ने किया एनआईटी कुरुक्षेत्र का दौरा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र का दौरा कर संस्थान की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। हाल में छात्रों की मौत की घटनाओं पर उन्होंने प्रबंधन से जवाब-तलब भी किया। इसके बाद उन्होंने शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के निवास पर भी पहुंचे।

'जनता का प्रेम शब्दों से परे' : कृष्ण बेदी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले नेतृत्व के प्रति जनता का प्रेम शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन आम लोगों के बीच बैठकर सुना और कहा कि प्रदेशवासियों का उत्साह और स्नेह अद्भुत था। बेदी के अनुसार यह विश्वास और अपनापन केवल महसूस किया जा सकता है, उसका शब्दों में वर्णन संभव नहीं।