NIT कुरुक्षेत्र में छात्र ने की आत्महत्या, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Apr, 2026
NIT Kurukshetra Student Found
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से संस्थान में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, छात्रावास नंबर 8 के कमरा नंबर 352 में करीब 22 वर्षीय छात्र प्रियांशु ने आधी रात को पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि मृतक छात्र सिविल इंजीनियरिंग का छात्र था। इस घटना के बाद एनआईटी प्रशासन में खलबली मच गई है। हालांकि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में संस्थान का कोई भी अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को भी इसी छात्रावास में एक अन्य छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह छात्र पवन कुमार नूंह जिले का रहने वाला था। उस मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि एक और घटना सामने आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में ही हॉस्टल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। साथ ही मृतक छात्र के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय थर्ड ग्रेड पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक छात्र सिरसा जिले के शेरपुरा गांव का रहने वाला था और बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।