नीट (यूजी) परीक्षा आज, शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
- By Gaurav --
- Sunday, 03 May, 2026
NEET (UG) Exam Today, प्रशासन
आज रविवार को आयोजित होने वाली NEET UG परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षार्थियों की सहायता के लिए स्थानीय लघु सचिवालय के कमरा नंबर-39 में जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 01666-248881 जारी किया गया है, जिस पर परीक्षार्थी और आम नागरिक किसी भी जानकारी या समस्या के लिए संपर्क कर सकते हैं।
सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में एंट्री शुरू हो गई है, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए परीक्षा शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास Section 163 लागू किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जा सके।