प्रियंका गांधी से मिले नवजोत सिद्धू; दिल्ली में मुलाकात कर सोशल मीडिया पर लिखी ये बात, इधर CM भगवंत मान ने ली चुटकी

Navjot Singh Sidhu met Priyanka Gandhi in Delhi Punjab Politics
Navjot Sidhu met Priyanka: पंजाब के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। सिद्धू ने खुद सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी दी और प्रियंका गांधी संग एक तस्वीर भी शेयर की। नवजोत सिद्धू ने प्रियंका गांधी को अपना गुरु, प्रकाशस्तंभ और मार्गदर्शक देवदूत बताया है। साथ ही उनका और राहुल गांधी का आभार भी व्यक्त किया है।
प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सिद्धू ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''अपने गुरु, प्रकाशस्तंभ और मार्गदर्शक देवदूत से मुलाकात हुई... मुश्किल और कठिन समय में साथ खड़े रहने के लिए मैं उनका और भाई का आभारी हूँ...'' प्रियंका गांधी से इस मुलाकात को लेकर यह माना जा रहा है कि नवजोत सिद्धू एक बार फिर राजनीति में सरगर्म रूप से सक्रिय होने जा रहे हैं। सिद्धू पंजाब से जुड़े पार्टी के एजेंडों को लेकर राजनीतिक पिच पर नजर आ सकते हैं।
Met my Mentor , lighthouse and Guiding Angel …. Just grateful to her and Bhai for standing by in rough and tough times …. pic.twitter.com/G9GRz11LS6
बता दें कि, नवजोत सिंह सिद्धू 2022 तक पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे। इस बीच पंजाब काँग्रेस प्रधान पद पर होने के दौरान सिद्धू अपने ही नेताओं पर हमला बोलने लगे थे। सिद्धू की प्रधानी में ही काँग्रेस ने पंजाब का विधानसभा चुनाव 2022 लड़ा और हार का सामना किया। जहां चुनाव के कुछ दिनों बाद ही सिद्धू ने प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी ने सिद्धू से इस्तीफा मांगा था।
वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू बीच-बीच राजनीति में सक्रिय भी हुए लेकिन फिर पत्नी के कैंसर इलाज और अन्य कारणों से उन्होंने राजनीति से लंबी दूरी बना ली। ज्ञात रहे कि सिद्धू विधायक और मंत्री रहने के साथ राज्यसभा और लोकसभा सांसद भी रहे हैं। वह एक क्रिकेटर भी हैं और इन दिनों में सिद्धू कपिल शर्मा शो में वापसी के साथ मनोरंजन की दुनिया में नजर आ रहे हैं।
CM भगवंत मान ने ली चुटकी
इधर नवजोत सिद्धू और प्रियंका गांधी की मुलाकात को लेकर सीएम भगवंत मान ने चुटकी ली है। सिद्धू की मुलाकात को लेकर सवाल किए जाने पर सीएम मान ने कहा, ''सिद्धू कितनी बार राजनीति में आएंगे? फिलहाल सिद्धू को ऑल द बेस्ट...''। दरअसल, सीएम मान आज राजयसभा के लिए राजिंदर गुप्ता का नामांकन दाखिल कराने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में सिद्धू पर तंज़ कसा। सीएम मान के साथ अमन अरोड़ा और संजीव अरोड़ा भी मौके पर मौजूद रहे।